होम = State = उत्तर प्रदेश = 83 साल के बुज़ुर्ग को बिटकॉइन का झांसा… 17 ट्रांजैक्शन में 50 लाख उड़े! नोएडा में हाई-टेक ठगी का चौंकाने वाला खुलासा

83 साल के बुज़ुर्ग को बिटकॉइन का झांसा… 17 ट्रांजैक्शन में 50 लाख उड़े! नोएडा में हाई-टेक ठगी का चौंकाने वाला खुलासा

UP News: ग्रेटर नोएडा में एक 83 वर्षीय बुज़ुर्ग सोशल मीडिया पर दिखाए गए “तेज़ मुनाफे” के लालच में फंसकर साइबर ठगों के शिकार हो गए। बिटकॉइन फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर हुए इस हाई-टेक फ्रॉड में बुज़ुर्ग से 50 लाख रुपये ठग लिए गए। मामला प्रकाश में तब आया जब पीड़ित ने म्यूचुअल फंड पर 10 लाख रुपये का लोन लेकर भी निवेश कर दिया और परिवार को शक हुआ।

कैसे फसाया झांसे में

ग्रेटर नोएडा सेक्टर-3 के नॉलेज पार्क निवासी शैलेंद्र कुमार गुप्ता, उम्र 83 वर्ष, अकेले रहते हैं। 1 अगस्त को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। ठगों ने पहले उनसे सामान्य बातचीत कर उनकी आर्थिक स्थिति और बैंक विवरण जैसी जरूरी जानकारी निकाल ली। इसके बाद उन्हें बताया गया कि वे बिटकॉइन और फॉरेक्स ट्रेडिंग के जरिए अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं और चाहें तो उस रकम को धार्मिक संगठनों या यात्राओं में दान भी कर सकते हैं।

ठगों ने पीड़ित को ‘OSL’ नामक प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर कराया और एक ऐप डाउनलोड कराके ट्रेडिंग शुरू कराई। शुरुआत में बुज़ुर्ग ने 50 डॉलर बिटकॉइन में लगाए। कुछ ही दिनों में ठगों ने उनकी विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए 4,900 रुपये उनके खाते में भेज दिए। मुनाफा देखकर वे पूरी तरह भरोसे में आ गए।

17 ट्रांजैक्शन में 40 लाख 50 हजार

इसके बाद बुज़ुर्ग ने 7 बार में 20 लाख रुपये और कुल मिलाकर 17 ट्रांजैक्शन में 40 लाख 50 हजार रुपये ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। ऐप पर रकम लगातार बढ़ती दिख रही थी, इसलिए उन्हें कोई शक नहीं हुआ। अक्टूबर में जब उनका परिवार बद्रीनाथ यात्रा पर गया हुआ था, उसी दौरान ठगों ने उनसे और निवेश करने के लिए दबाव डाला। पैसे खत्म होने पर बुज़ुर्ग ने म्यूचुअल फंड पर 10 लाख रुपये का लोन लेकर भी निवेश कर दिया। जब परिवार लौटा और बैंक स्टेटमेंट देखा, तो मामले का खुलासा हुआ। परिजनों ने उन्हें बताया कि यह एक बड़ा साइबर फ्रॉड है।

होश आने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने फिर साबित कर दिया है, ऑनलाइन निवेश का लालच, विशेषकर बुज़ुर्गों के लिए, कितना ख़तरनाक हो सकता है।

ये भी पढ़े: थार की लालच में बेटी की बलि? बीजेपी नेता पर दहेज़ हत्या का सनसनीखेज़ आरोप, आधी रात को चुपचाप अंतिम संस्कार की कोशिश

Tags : up news

बंगाल