होम = State = उत्तर प्रदेश = अलीगढ़ में मंदिर की दीवार पर ‘I Love Mohammad’ लिखने से धार्मिक तनाव, हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन

अलीगढ़ में मंदिर की दीवार पर ‘I Love Mohammad’ लिखने से धार्मिक तनाव, हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन

Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के थाना लोधा के गांव बुलाकगढ़ी में ग्रामीणों के बीच धार्मिक तनाव का माहौल पैदा हो गया। अराजक तत्वों ने इलाके का माहौल खराब करने के चलते मंदिर की दीवारों पर “आई लव मोहम्मद” के स्लोगन लिख दिए। मंदिर की दीवारों पर आई लव मोहम्मद ‘i love Mohammad’ के स्लोगन लिखे हुए देख ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चअधिकारी समेत इलाका थानाअध्यक्ष भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर की दीवारों पर लिखे ‘आई लव मोहम्मद’ के स्लोगन को तुरंत मिटवा कर दीवारें साफ करवा दीं। साथ ही, पुलिस इलाके में लगे CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

पूरी घटना क्या है?

संजीव तोमर, सीओ गभाना ने बताया कि थाना लोधा के बुलाकगढ़ी गांव में मंदिर की दीवारों पर ‘आई लव मोहम्मद’ के स्लोगन लिखे गए थे। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्लोगन मिटवा कर दीवारें साफ करवा दीं।

 ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर पुलिस अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी कर रही है। इसके साथ ही, इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से शरारती तत्वों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

हिंदू संगठन आक्रोशित, कठोर कार्रवाई की मांग

बुलाकगढ़ी गांव में मंदिर की दीवारों पर लिखा ‘आई लव मोहम्मद’ का स्लोगन देखकर हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सलाखों के पीछे नहीं डाला गया, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे।

हालांकि, फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है। इससे पहले भी कई जिलों में ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर विवाद हो चुका है, लेकिन इस घटना ने फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

बंगाल