होम = Cover Story Latest = ‘7 एयरपोर्ट का उद्घाटन, 6 बंद?’ दादरी से अखिलेश यादव का BJP पर तगड़ा हमला

‘7 एयरपोर्ट का उद्घाटन, 6 बंद?’ दादरी से अखिलेश यादव का BJP पर तगड़ा हमला

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है और 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाज़ी भी धार पकड़ रही है। इसी कड़ी में अखिलेश यादव ने गौतमबुद्ध नगर के दादरी में आयोजित ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ से बड़ा राजनीतिक संदेश दिया।

“बीजेपी पर सीधा वार”

रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “7 एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया, लेकिन उनमें से 6 बंद हो गए।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ उद्घाटन और दिखावे की राजनीति कर रही है।

पीएम और सीएम पर बिना नाम लिए निशाना

अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग “नोएडा नहीं आने” की बात करते हैं, वो जनता से कटे हुए हैं, जबकि समाजवादी कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहते हैं।

मेट्रो हमारी देन

अखिलेश ने दावा किया कि दिल्ली-नोएडा-ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली मेट्रो समाजवादी पार्टी सरकार की देन है, जिसे आज भी लोग इस्तेमाल कर रहे हैं।

PDA को बताया सामाजिक आंदोलन

उन्होंने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक समीकरण नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का आंदोलन है।
अखिलेश बोले कि 95% आबादी के अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी और संविधान ही उनका सबसे बड़ा रक्षक है।

संविधान खतरे में

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि कुछ लोग 400 सीटें जीतकर संविधान बदलने की बात कर रहे थे। उन्होंने जनता से अपील की कि “नकारात्मक और विभाजनकारी सोच” को हटाकर संविधान को बचाना जरूरी है।

रोजगार और निवेश पर सवाल

योगी सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू सिर्फ कागजों तक सीमित रह गए। युवाओं को रोजगार नहीं मिला, जबकि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने पर नई स्किल ट्रेनिंग और रोजगार के अवसर देगी।

किसानों के लिए बड़े वादे

अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा की जमीन अधिग्रहण पर उचित बाजार मूल्य दिया जाएगा, मुआवजे में पारदर्शिता लाई जाएगी, पंचायत व्यवस्था को फिर से मजबूत किया जाएगा।

गुर्जर समाज को संदेश

उन्होंने वादा किया कि 2027 में सरकार बनने पर लखनऊ और गोमती रिवर फ्रंट पर गुर्जर समाज के महापुरुष की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। दादरी की रैली से साफ है कि अखिलेश यादव अब 2027 की चुनावी लड़ाई के लिए पूरी तरह मैदान में उतर चुके हैं और सियासी जंग आने वाले दिनों में और तेज होने वाली है।

ये भी पढ़ें: BJP आई तो नॉन-वेज पर रोक लगेगी… चुनावी सभा में ममता बनर्जी का बड़ा बयान