Akhilesh Yadav : वोट अधिकार यात्रा में हिस्सा लेने पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिहार के लोगों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील की. शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र से भाजपा को बाहर किया है, अब बिहार के लोग उन्हें मगध क्षेत्र से बाहर कर दीजिए.
चुनाव आयोग को अखिलेश ने बताया जुगाड़ आयोग
अखिलेश यादव इस समय राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने के लिए बिहार पहुंचे थे.इस दौरान उन्होंने भाजपा पर संविधान का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला कर रही है. सपा प्रमुख ने आगे कहा कि यह यात्रा लोकतंत्र को बचाने के लिए है. हम उम्मीद करते हैं कि बिहार में चुनाव आयोग का पुनरीक्षण होगा, जो पूरी तरह से निष्पक्ष तरीके से काम करेगा.
अखिलेश ने भाजपा की आलोचना करते हुए यह भी कहा कि चुनाव आयोग अब जुगाड़ आयोग बन चुका है, जो भाजपा के निर्देश पर काम करता है. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा अपने विरोधियों को अपमानित करने में माहिर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल एक राजनैतिक रणनीति का हिस्सा है.
तेजस्वी यादव की तारीफ
तेजस्वी यादव की तारीफ करते हुए अखिलेश ने कहा कि तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री रहते हुए बिहार के लाखों लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया. उनका उद्देश्य बिहार के लोगों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने के लिए मजबूर नहीं करना है. आने वाले बिहार विधानसभा चुनावों के बारे में उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी. सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी नीत गठबंधन को हराने के लिए इंडिया गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत लगाएगा.
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा को अमेरिकी नीतियों पर गुस्सा जताना चाहिए,जो भारतीय उत्पादों पर अधिक टैरिफ लगा रही है,जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था पर असर पड़ रहा है.

