Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज लगभग 16 घंटे तक बंद रहने के बाद शनिवार को फिर से सक्रिय हो गया। पेज के अचानक बंद होने से पार्टी समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली। सपा ने इस घटना को भाजपा की साजिश करार देते हुए कहा कि विपक्ष को दबाने के लिए इस तरह की हरकतें की जा रही हैं।
शुक्रवार को फेसबुक पेज बंद हुआ
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अखिलेश यादव का फेसबुक पेज बिना किसी पूर्व सूचना के बंद कर दिया गया था। शुरुआती दौर में माना गया कि यह कोई तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है, लेकिन मेटा की ओर से कोई स्पष्ट कारण या जवाब न मिलने पर सपा नेताओं ने इसे जानबूझकर की गई हरकत बताया।
Restored के बाद पहली पोस्ट में नारायण को किया याद
पेज बहाल (Restored) होने के बाद अखिलेश यादव ने अपनी पहली पोस्ट में लोकनायक जयप्रकाश नारायण को याद किया। उन्होंने उनके एक प्रसिद्ध विचार को साझा करते हुए लिखा, सम्पूर्ण क्रांति से मेरा आशय समाज के सबसे अधिक दबे-कुचले व्यक्ति को सत्ता के शिखर पर देखने से है। हालांकि अखिलेश यादव ने अपनी इस पोस्ट में फेसबुक पेज बंद होने के मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की।
ये भी पढ़े – मायावती ने रैली में CM योगी की तारीफ की, जानें क्यों बोलीं -“योगी सरकार की हम आभारी हैं”
फेसबुक को ई-मेल भेजकर स्पष्टीकरण मांगा
सपा सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद फेसबुक को औपचारिक रूप से ई-मेल भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। वहीं, जानकारों का मानना है कि संभव है किसी राजनीतिक विरोधी ने पेज की कुछ सामग्री को लेकर शिकायत दर्ज कराई हो, जिसके चलते फेसबुक ने अस्थायी रूप से पेज को निलंबित कर दिया हो।

