UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दीपावली के अवसर पर जहां हर जगह रोशनी और खुशियों का माहौल है, वहीं हजारीपुर स्थित श्री श्री लक्ष्मी पूजा महोत्सव समिति ने इस बार एक अनोखे और समाज को झकझोर देने वाले संदेश से लोगों का ध्यान खींच लिया है। समिति ने अपने 32वें वर्ष में मां लक्ष्मी की प्रतिमा भव्य रूप से स्थापित की है, लेकिन इस बार सिर्फ सजावट या भक्ति नहीं बल्कि जागरूकता का संदेश भी शामिल किया गया है।
क्या है संदेश
समिति के सदस्यों ने लव जिहाद के खिलाफ बड़ा संदेश देते हुए मूर्ति स्थल पर ऐसे दृश्य तैयार किए हैं जो समाज को सोचने पर मजबूर कर देते हैं। उन्होंने हाल के कुछ दर्दनाक घटनाओं को आधार बनाकर नीला ड्रम और फ्रिज जैसी आकृतियों को भयावह अंदाज़ में प्रदर्शित किया है। यह वही घटनाएं हैं जिन्होंने पूरे देश को झकझोर दिया था एक में नीले ड्रम से युवती का शव बरामद हुआ था, और दूसरी में बेंगलुरु में नेपाली महिला महालक्ष्मी की हत्या कर उसके शव को 59 टुकड़ों में काटकर फ्रिज में रखा गया था।

हिंदू बेटियों को सतर्क रहने का संदेश
समिति ने इन दोनों घटनाओं को प्रतीकात्मक रूप में दिखाते हुए लोगों, खासकर हिंदू बेटियों को सतर्क रहने का संदेश दिया है। फ्रिज के अंदर लाल रंग से रंगी डमी बॉडी रखी गई है, ताकि उस घटना की भयावहता समाज को याद दिलाई जा सके। मंच के चारों ओर लगाए गए बैनर और पोस्टरों में कई चेतावनी भरे स्लोगन लिखे गए हैं जैसे पहचानो अपने दुश्मन का चेहरा, झूठे प्यार के जाल से बचो और अपने धर्म और परिवार की इज्जत तुम्हारे हाथों में है। समिति के सदस्य विनय ने बताया कि यह पहल किसी समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि बेटियों को सतर्क करने के लिए है। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि बेटियां समझें कि समाज में कुछ लोग भेष बदलकर घूमते हैं। उन्हें अपने परिवार, पढ़ाई और संस्कारों पर ध्यान देना चाहिए, ताकि कोई उन्हें धोखा न दे सके।
दीपावली की रौशनी में समाज को अंधेरे से बाहर निकालने का यह प्रयास गोरखपुर में चर्चा का केंद्र बन गया है जहां भक्ति के साथ जागरूकता का संगम देखने को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें : बिहार चुनाव में राजद को झटका : पूर्व प्रत्याशी अच्छेलाल यादव ने फूंका बगावत का बिगुल, निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

