होम = State = उत्तर प्रदेश = टीकाकरण टीम के सामने अचानक उभरा 17 फीट का अजगर, अमरोहा में अभियान के बीच मचा हड़कंप

टीकाकरण टीम के सामने अचानक उभरा 17 फीट का अजगर, अमरोहा में अभियान के बीच मचा हड़कंप

UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा क्षेत्र में चल रहे पशु टीकाकरण अभियान के दौरान एक ऐसी घटना हुई, जिसने पशु चिकित्सा विभाग की टीम को पलभर में दहशत में डाल दिया। रूटीन टीकाकरण के लिए निकली टीम का सामना अचानक एक विशाल 16–17 फीट लंबे अजगर से हो गया। यह घटना इतना अप्रत्याशित थी कि कुछ समय के लिए पूरा अभियान ही रुक गया और मौके पर मौजूद सभी लोग दहशत में इधर-उधर हटने लगे।

घातक गिलेंडर्स बीमारी का फैलाव

जानकारी के मुताबिक, पशु चिकित्सक डॉ. भागेश सिंह अपनी टीम के साथ शेरपुर स्थित रानी बसतोरा गांव पहुंचे थे। यहां घोड़े और खच्चरों में फैलने वाली घातक गिलेंडर्स बीमारी से बचाव के लिए बड़े पैमाने पर टीकाकरण चल रहा था। यह बीमारी इंसानों तक भी संक्रमण फैला सकती है, इसलिए विभाग की टीम किसी तरह का जोखिम लिए बिना तेज़ी से अभियान को अंजाम दे रही थी।

भारी-भरकम अजगर

टीकाकरण के दौरान जब टीम एक खेत के किनारे आगे बढ़ रही थी, तभी उनकी नज़र झाड़ियों में हलचल पर पड़ी। कुछ सेकंड बाद झाड़ियों से निकलकर एक भारी-भरकम अजगर सामने आ गया। टीम के सदस्यों के अनुसार, अजगर का आकार इतना बड़ा था कि उसे देखकर कुछ लोग सकते में आ गए और तुरंत पीछे हट गए। हालांकि अजगर ने किसी पर हमला करने की कोशिश नहीं की, लेकिन उसका इतने नज़दीक दिख जाना टीम के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता था। घटना की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों और वन विभाग को भेजी गई। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई क्योंकि यह इलाका खेतों और छोटे जंगलों से घिरा हुआ है, जहां इस तरह के वन्यजीवों की मौजूदगी आमतौर पर देखी जाती है।

क्षेत्रों में बड़े सांपों की गतिविधि बढ़ी

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में आसपास के क्षेत्रों में बड़े सांपों की गतिविधि बढ़ी है। गर्मी और बारिश के बाद के मौसम में सांप खुले इलाकों में आ जाते हैं, जिससे खेतों और गांवों में खतरा बढ़ जाता है। पशु चिकित्सा विभाग ने कहा कि गिलेंडर्स जैसी जानलेवा बीमारी को रोकना बेहद जरूरी है और अभियान रुकने वाला नहीं है, लेकिन टीमों को वन्यजीवों की वजह से अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।

ये भी पढ़े: क्या दुनिया का अस्तित्व हिंदू समाज पर टिका है? मणिपुर में मोहन भागवत का बड़ा और विवादों को घेरने वाला बयान

Tags : up news

बंगाल