UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक मदरसे पर ऐसा आरोप लगा है जिसने सबको चौंका दिया है। पाकबड़ा इलाके स्थित जामिया असानुल बनात गर्ल्स मदरसा पर 13 वर्षीय छात्रा से एडमिशन से पहले वर्जिनिटी (मेडिकल) सर्टिफिकेट मांगने का आरोप लगाया गया है। इस सनसनीखेज दावे ने न सिर्फ प्रशासन बल्कि राजनीतिक गलियारों को भी हिला दिया है।
क्या है पूरा मामला
चंडीगढ़ निवासी मोहम्मद यूसुफ का कहना है कि उनकी बेटी जब अगली कक्षा में प्रवेश लेने गई तो मदरसे के प्रबंधन ने मेडिकल सर्टिफिकेट के नाम पर उसकी वर्जिनिटी टेस्ट की मांग कर दी। यूसुफ के अनुसार, जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो उन्हें धमकी दी गई कि अगर टेस्ट नहीं कराया गया तो बच्ची को टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) नहीं दी जाएगी और किसी अन्य संस्था में भी दाखिला नहीं मिलेगा।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 500 रुपये वसूलने के बावजूद न तो टीसी दी गई और न ही फीस वापस की गई। इसके उलट मदरसे के कुछ लोगों ने बच्ची और उसके पिता पर बेहद शर्मनाक आरोप तक लगा दिए। यूसुफ ने कहा, “मेरी बेटी का क्या कसूर था? उस पर झूठे इल्ज़ाम लगाकर उसकी ज़िंदगी अंधकार में धकेल दी गई है। अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह अपनी जान दे देगी।
सांसद जियाउर्रहमान बर्क की प्रतक्रिया
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। SP सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “चंडीगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने गंभीर आरोप लगाए हैं। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।” फिलहाल FIR दर्ज नहीं की गई है और जांच जारी है।
इस पूरे विवाद पर समाजवादी पार्टी (SP) सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “यह आरोप बेहद गंभीर है। न कोई मदरसा और न ही हमारा मजहब ऐसी मांग करता है। यह पहली बार सुनने में आया है, इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए।”
झूठे और निराधार आरोप?
वहीं मदरसे के एक शिक्षक ने इन आरोपों को झूठा और निराधार बताया है। उनका कहना है कि, “किसी बच्ची पर ऐसे गंदे आरोप लगाना मुमकिन ही नहीं है। यह सब झूठ और गुस्से में लगाए गए बयान हैं।”फिलहाल यह मामला मुरादाबाद में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है। पुलिस की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं कि आखिर सच क्या है- क्या वाकई बच्ची से ऐसा प्रमाणपत्र मांगा गया, या फिर यह किसी गलतफहमी का परिणाम है? आने वाले दिनों में इसका खुलासा होना बाकी है।
ये भी पढ़े – Bigg Boss 19 : सलमान खान ने लगाई कंटेस्टेंट्स की क्लास, नीलम और मालती पर जमकर बरसे

