Surajkund fair ride collapse: सूरजकुंड मेला कैंपस में शनिवार को झूला गिरने से घटित हुई घटना में पुलिस ने अब तक झूला लगाने वाली कंपनी के मालिक समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान कंपनी मालिक मोहम्मद शाकिर और नितेश के रूप में हुई। बता दें कि हरियाणा के फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड स्थित सूरजकुंड में चल रहे 39वें अंतर्राष्ट्रीय मेले में झूला टूटने से बड़ा हादसा हो गया था। हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत और 13 लोग घायल हो गए थे। मामले में जांच को लेकर एसआईटी भी गठित की गई है। इस टीम में एसीपी क्राइम वरुण दहिया, एक इंस्पेक्टर और एक सब इंस्पेक्टर शामिल हैं।
तेज हवा से फूड कोर्ट का गेट भी गिरा था
सूरजकुंड मेले में झूला टूटने के बाद अफरा तफरी मच गई थी। मौके पर किसी अन्य दुर्घटना को रोकने के लिए इलाके में बैरिकेड लगाए गए हैं। बता दें मेले में इससे पहले तेज हवाओं के कारण फूड कोर्ट का एक गेट भी गिरा था। फिलहाल घटना के बाद अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद CM नायब ने दिए निर्देश
सूरजकुंड मेले में हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ट्वीट कर कहा कि इससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत और सही इलाज मिले, इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।
मामले में झूला ऑपरेटर के खिलाप केस दर्ज
पुलिस डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जॉयराइड (झूला) चलाने वाले ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी और पूरी जांच की जाएगी। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: रूस से तेल खरीद पर अमेरिकी धमकी को लेकर सांसद ओवैसी ने भारत सरकार को घेरा, कहा- चीन ले सकता है फायदा

