Jaipur SMS Hospital Fire : जयपुर से सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल के आईसीयू वार्ड में देर रात आग लग गई, जिसमें आठ मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद मचा हड़कंप
रविवार देर रात करीब 11 बजे एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू वार्ड में अचानक धुआं फैलने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरे वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय वहां 11 मरीजों का इलाज चल रहा था। स्टाफ और परिजन जब तक कुछ समझ पाते, कई मरीजों की सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों ने सुनाई कहानी
आग को लेकर नरेंद्र सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया कि घटना के वक्त वह नीचे खाना खाने गए थे। नरेंद्र की मां की इस आईसीयू वार्ड में भर्ती थी। वह जब तक कुछ समझ पाते, उनकी मां की मौत हो चुकी थी। उन्होमें आगे कहा आईसीयू में अचानक आग लग गई। जब ऊपर पहुंचा तो सबकुछ धुएं से भर चुका था। वहां कोई फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं था, न ही आग बुझाने के उपकरण मौजूद थे।
लापरवाही के गंभीर आरोप
पीड़ित परिवारों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में न तो आग बुझाने की कोई व्यवस्था थी और न ही मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोई योजना। समय रहते एक्शन लेने पर कई जानें बचाई जा सकती थीं।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, जिसकी अध्यक्षता चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त इकबाल खान करेंगे। समिति को जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
सवालों के घेरे में अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था
इस घटना ने राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। अस्पताल में फायर अलार्म सिस्टम और अग्निशमन उपकरणों की अनुपस्थिति को लेकर अब सरकार और प्रशासन दोनों पर दबाव बढ़ गया है।
ये भी पढ़े – Rajasthan Richest Persons : जानिए कौन है इस रेगिस्तानी प्रदेश का नंबर-1 धनकुबेर
राज्य सरकार ने मृतकों (Jaipur SMS Hospital Fire) के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायल मरीजों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। मुआवजे को लेकर सरकार जल्द घोषणा कर सकती है।

