होम = State = राजस्थान = सवाई माधोपुर : स्कूल बस और डंपर की टक्कर, कई मासूम घायल, 1 छात्रा की हालत गंभीर

सवाई माधोपुर : स्कूल बस और डंपर की टक्कर, कई मासूम घायल, 1 छात्रा की हालत गंभीर

Rajasthan News : राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शिवाड़–ईसरदा मार्ग पर बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस बजरी से भरे डंपर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 40 छात्र-छात्राएं सवार थे।

चीख-पुकार और अफरातफरी

भीषण टक्कर के बाद बस में अफरातफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, हादसे में 12 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद टोंक रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।

ग्रामीणों ने किया बचाव कार्य

ग्रामीणों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कई बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीण

हादसे के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिले में किसी वैध बजरी लीज की अनुमति नहीं है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में बजरी का अवैध परिवहन हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिवाड़–ईसरदा मार्ग पर रोजाना सैकड़ों बजरी वाहन गुजरते हैं, जिससे हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में बजरी वाहनों पर पूरी तरह पाबंदी लगाई जाए और हादसे के जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

गाय को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

हादसे के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल बस चालक अचानक सड़क पर आई गाय को बचाने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान सामने से आ रहे बजरी के डंपर से बस टकरा गई और सड़क किनारे खाई में पलट गई।

फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

बंगाल