Rajasthan Road Accident: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आज (27 जनवरी 2026) एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पापड़दा थाना क्षेत्र के पिलर संख्या 193 के पास हुई। हादसा इतना भयानक था कि कार अज्ञात वाहन से टकराने के बाद कई किलोमीटर तक घसीटी गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में 4 की दर्दनाक मौत
सूत्रों के मुताबिक, सुबह के समय एक्सप्रेसवे पर चल रही कार अचानक पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन की टक्कर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कई किलोमीटर तक घसीटती चली गई और इसके परखच्चे उड़ गए। आसपास मौजूद लोगों ने चीख-पुकार मचते ही तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पापड़दा थाना पुलिस तुरंत पहुंची। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल दौसा पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतकों के शव भी अस्पताल लाए गए और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है क्योंकि शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह हिट एंड रन हादसा है, क्योंकि टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की अज्ञात वाहन की तलाश
पुलिस अब अज्ञात वाहन की खोज में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज, आसपास के गवाहों के बयान और एक्सप्रेसवे पर लगे कैमरों की मदद से मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग, लापरवाही और कम विजिबिलिटी जैसे कारण सामने आए हैं, क्योंकि जनवरी में दौसा इलाके में कोहरा आम है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दौसा खंड को पहले से ही हादसों के लिए जोखिम भरा माना जाता है। तेज रफ्तार वाहन और डिवाइडर क्रॉसिंग जैसी समस्याएं अक्सर हादसों का कारण बनती हैं। पुलिस ने चेताया है कि वाहन चालक एक्सप्रेसवे पर सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध वाहन की सूचना तुरंत दें।
ये भी पढ़ें: UP News: कौन हैं सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, जिन्होंने ने अपने पद से दिया इस्तीफा; जानिए वजह

