Rajasthan News : राजस्थान के करौली ज़िले में देव उठनी एकादशी पर बाल विवाह रोकथाम के लिए बैठक हुई। बैठक गुरुवार को बाल कल्याण समिति कार्यालय में आयोजित की गई। यह बैठक करौली जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाल अधिकारिता विभाग और एक्शनएड यूनिसेफ करौली के संयुक्त प्रयास से हुई।
बाल विवाह मुक्त करौली अभियान का तीसरा चरण शुरू
बैठक में बाल विवाह मुक्त करौली अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत की गई। बैठक की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अनिल शर्मा ने की। एक्शनएड यूनिसेफ के जिला समन्वयक दिनेश कुमार बैरवा ने जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस चरण में जिलेभर में जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को पूरी तरह खत्म करना है।
बैठक में तय हुई रणनीति
बैठक में अभियान की विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा हुई। मुख्य उद्देश्य लोगों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी देना है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही अधिकारियों, समुदायों, धार्मिक नेताओं और स्वयंसेवकों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
अधिकारियों और प्रतिनिधियों की रही सहभागिता
बैठक में बाल कल्याण समिति के सदस्य फजले अहमद और आवास प्रभारी देवीशंकर मौजूद रहे। विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने बाल विवाह मुक्त करौली के लक्ष्य के लिए मिलकर काम करने की जरूरत बताई।

