MD Drugs : राजस्थान की एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए अंतरराज्यीय एमडी ड्रग्स नेटवर्क के सरगना कमलेश बिश्नोई उर्फ कार्तिक को गिरफ्तार किया है। उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की पुलिस को चकमा दे रहा था।
सांकड़ा थाना क्षेत्र से दबोचा गया आरोपी
एटीएस की टीम पिछले तीन दिनों से जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में लगातार छापेमारी कर रही थी। रविवार सुबह टीम ने जैसलमेर के सांकड़ा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में हाल के दिनों में एमडी ड्रग्स की सप्लाई और सेवन में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही थी, जिसके बाद एटीएस ने विशेष अभियान शुरू किया था।
तीन राज्यों में कई केस दर्ज
धोरीमन्ना का रहने वाला कमलेश बिश्नोई एक शातिर अपराधी है। उस पर तीन अलग-अलग राज्यों में आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वह मध्य प्रदेश के खरगोन से अवैध हथियार लाता और उन्हें राजस्थान में बेचता था। इसके अलावा वह पुणे में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में भी जेल जा चुका है। जेल में रहते हुए उसने अपने पुराने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह बना लिया था।
होटल के जरिए चलता था नशे का धंधा
आईजी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी कमलेश का भाई सुरेश बिश्नोई उसका मुख्य सहयोगी था। दोनों ने मिलकर जैसलमेर में ‘होटल सूर्य’ नाम से एक प्रतिष्ठान खोला था, जो असल में ड्रग्स तस्करी के लिए मुखौटा बना हुआ था। होटल के जरिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में एमडी ड्रग्स की आपूर्ति की जाती थी।
ये भी पढ़े – Jaipur SMS Hospital Fire : पीड़ित परिजनों ने लगाया आरोप, अस्पताल में नहीं था फायर सेफ्टी उपकरण
नशे के नेटवर्क को खत्म करने की मुहिम जारी
ATS के मुताबिक, गिरोह राज्य में नशे के कारोबार को कॉरपोरेट ढांचे में तब्दील करने की साजिश रच रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और ATS की टीमें उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से राजस्थान में एमडी ड्रग्स (MD Drugs) नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है।

