Jaipur SMS Hospital Fire : जयपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिससे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में सात गंभीर मरीजों की मौत हो गई, जबकि बाकी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, धुएं से बिगड़ी मरीजों की हालत
ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है। आईसीयू में भर्ती ज्यादातर मरीज पहले से गंभीर अवस्था में थे, कई बेहोशी या कोमा में थे, जिससे उन्हें तुरंत बाहर निकालना मुश्किल रहा। वार्ड में फैले धुएं के कारण मरीजों की स्थिति और खराब हो गई। डॉक्टरों और नर्सों ने पूरी कोशिश की, लेकिन सात मरीजों को बचाया नहीं जा सका।
#WATCH | Jaipur, Rajasthan | SMS Hospital Trauma centre Incharge Anurag Dhakad says, "Our trauma centre has two ICUs on the second floor: a trauma ICU and a semi-ICU. We had 24 patients there; 11 in the trauma ICU and 13 in the semi-ICU. A short circuit occurred in the trauma… pic.twitter.com/cjMwutRCl3
— ANI (@ANI) October 5, 2025
मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देर रात ही SMS अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी अधिकारियों से ली। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री जवाहर सिंह बेधम भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद और असहनीय है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#WATCH | Jaipur | Rajasthan CM Bhajanlal Sharma arrived at the Sawai Man Singh Hospital (SMS) to review the situation after a massive fire broke out pic.twitter.com/vhqY5S7p7m
— ANI (@ANI) October 5, 2025
पुलिस टीम जांच में जुटी
अस्पताल प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। वही, जयपुर पुलिस आयुक्त बिजू जॉर्ज जोसेफ ने बताया कि आग लगने की असली वजह एफएसएल (FSL) टीम की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल यह शॉर्ट सर्किट का मामला लग रहा है। उन्होंने बताया कि 24 मरीजों में से ज्यादातर को सुरक्षित अन्य वार्डों में शिफ्ट कर दिया गया है, और उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़े – Alwar : आग ने किसान की झोपड़ी को किया राख, 10 लाख रुपये कैश जलकर खाक
सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
इस दर्दनाक हादसे के बाद अस्पताल (Jaipur SMS Hospital Fire) प्रबंधन ने फायर सेफ्टी सिस्टम और बिजली के उपकरणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने कहा है कि अस्पताल परिसर में अग्नि सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

