Jaipur News : भारतीय रेलवे की ‘रेल मदद’ पहल यात्रियों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरी है। यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान में उत्तर-पश्चिम रेलवे (NWR) ने पूरे देश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। अब NWR मात्र 24 मिनट के औसत समय में यात्रियों की शिकायतों का समाधान कर रहा है, जिससे यात्रियों का भरोसा तेजी से बढ़ा है।
तेज और भरोसेमंद सेवा
पिछले छह महीनों (1 अप्रैल से 30 सितंबर 2025) के दौरान NWR को 61,428 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनका सभी का निपटारा कर दिया गया। इनमें से लगभग 85% यात्रियों ने समाधान को संतोषजनक बताया है। यह प्रदर्शन रेलवे के सेवा मानकों और यात्रियों की सुविधा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
‘रेल मदद’ बना यात्रियों का सहारा
NWR के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि रेलवे हेल्पलाइन 139, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे X, फेसबुक, और रेलवन ऐप पर दर्ज की जाने वाली शिकायतों को एकीकृत रूप से ‘रेल मदद’ पोर्टल पर मॉनिटर किया जाता है। इसके बाद संबंधित विभाग त्वरित कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करता है।
यात्रियों का विश्वास बढ़ा
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस त्वरित और पारदर्शी व्यवस्था के चलते अब यात्री बिना झिझक अपनी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। बेहतर समन्वय और तकनीकी सुधारों की बदौलत उत्तर-पश्चिम रेलवे लगातार अपनी दक्षता में सुधार कर रहा है।
ये भी पढ़े – LPG ट्रक में विस्फोट, 25 किलोमीटर लंबा जाम; सीएम ने दिए एक्शन के आदेश
उत्तर-पश्चिम रेलवे का यह प्रदर्शन न सिर्फ राजस्थान बल्कि पूरे देश के यात्रियों के लिए एक उदाहरण बन गया है। जल्द समाधान और पारदर्शी प्रक्रिया के चलते रेलवे सेवाओं पर भरोसा पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है।

