होम = State = राजस्थान = राजस्थान में भारी बारिश से पारा लुढ़का, करवा चौथ पर भी बरस सकते हैं बादल

राजस्थान में भारी बारिश से पारा लुढ़का, करवा चौथ पर भी बरस सकते हैं बादल

Rajasthan weather : राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश हुई। राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही, जिससे लोगों को ठंडक का अहसास हुआ और तापमान में 2–3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

बीते 24 घंटों का बारिश का रिकॉर्ड

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीकानेर, चूरू, नागौर, जयपुर, झुंझुनू, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, धौलपुर और दौसा जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 131 मिलीमीटर बारिश डीडवाना-कुचामन में हुई।

आज से थमेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार से प्रदेश में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। हालांकि शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। करवा चौथ के दिन महिलाओं को मौसम का असर झेलना पड़ सकता है।

तापमान में बड़ी गिरावट

लगातार बारिश से राजस्थान में पारा नीचे लुढ़क गया। कई जिलों में अधिकतम तापमान में 12 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। सीकर सबसे ठंडा रहा, जहां दिन का तापमान 22.5°C दर्ज किया गया। इसके अलावा जयपुर 25.1°C, पिलानी 24.7°C, अलवर 24°C, चूरू 24.1°C, बीकानेर 29.3°C, उदयपुर 29°C और झुंझुनूं 24.9°C रहा।

दिवाली पर फिर से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 14–15 अक्टूबर को उत्तरी इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इससे दीपावली के आसपास राजस्थान के कई शहरों में फिर से छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।

बंगाल