होम = State = राजस्थान = CM भजनलाल शर्मा ने 128 नई रोडवेज बसों को किया रवाना, 7 ग्रामीण बसें भी शामिल

CM भजनलाल शर्मा ने 128 नई रोडवेज बसों को किया रवाना, 7 ग्रामीण बसें भी शामिल

Rajasthan News Roadways Bus : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को राज्य की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। उन्होंने राजधानी जयपुर स्थित अमर जवान ज्योति से राजस्थान रोडवेज की 128 नई ब्लू लाइन बसों और 7 ग्रामीण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और सांसद मंजू शर्मा भी मौजूद रहे।

नई बसें नवीनतम प्रदूषण मानकों और अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं। सीएम ने बताया कि इन बसों के संचालन से राज्य में सार्वजनिक परिवहन की विश्वसनीयता और सुविधा दोनों में बढ़ोतरी होगी। पिछले एक महीने में रोडवेज निगम ने कुल 300 नई बसों को सड़कों पर उतारा है, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

ग्रामीणों के लिए “आपणी बस” सेवा

ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने ‘आपणी बस–राजस्थान रोडवेज’ नाम से विशेष ग्रामीण सेवा की शुरुआत की है। यह बसें दूरदराज के गांवों को नजदीकी कस्बों और शहरों से जोड़ेंगी, जिससे ग्रामीण जनता को परिवहन के बेहतर साधन मिलेंगे।

आधुनिक सुविधाओं से युक्त बसें

सरकार ने बताया कि नई वॉल्वो, स्केनिया और डीलक्स एसी बसों में अब यात्रियों के लिए कैटरिंग सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। रेलवे और हवाई यात्रा की तर्ज पर यात्री अब अपनी सीट पर ही पेय पदार्थ और खाद्य सामग्री का आनंद ले सकेंगे।

सार्वजनिक परिवहन को मिलेगा बढ़ावा

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि नई बसें न केवल लंबी दूरी की यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाएंगी, बल्कि राज्य की परिवहन प्रणाली में आधुनिकता और दक्षता भी लाएंगी। परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि नई बसों के संचालन से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सरकार का लक्ष्य है कि राजस्थान में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, भरोसेमंद और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जाए।

रोजगार और पर्यावरण को भी फायदा

इन नई बसों के संचालन से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही, अधिक लोग रोडवेज बसों से यात्रा करेंगे, जिससे निजी वाहनों का उपयोग कम होगा और प्रदूषण में कमी आएगी।

ये भी पढ़ेचेतावनी के बावजूद नहीं जागा प्रशासन, दो दिन पहले दी गई थी जानकारी

राजस्थान (Rajasthan News Roadways Bus) सरकार का यह कदम राज्य की परिवहन व्यवस्था को एक नया आयाम देगा। नई रोडवेज बसों की शुरुआत से आम जनता को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और सस्ती यात्रा का अनुभव मिलेगा और प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन की पहुंच और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

बंगाल