LPG Cylinder Truck Blast : राजस्थान में मंगलवार देर रात जयपुर-अजमेर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। दूदू इलाके के सावरदा पुलिया के पास एलपीजी सिलेंडर से लदे एक ट्रक और केमिकल टैंकर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में सिलेंडर ट्रक में जोरदार धमाका हुआ और आग की ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगीं।
धमाके से दहला इलाका, कई वाहन क्षतिग्रस्त
ब्लास्ट के बाद सिलेंडरों के टुकड़े पास से गुजर रहे वाहनों पर गिरने लगे। इससे लगभग 10 से 12 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग घायल हुए। चश्मदीदों के मुताबिक, धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के गांवों में लोगों की नींद खुल गई। हादसे के तुरंत बाद पूरे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
ड्राइवर की मौके पर मौत और एक के जिंदा जलने की आशंका
हादसे में केमिकल टैंकर के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एलपीजी ट्रक चालक के भी जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि आसपास मौजूद अन्य लोगों में से किसी की जान नहीं गई, हालांकि कई लोग घायल हैं जिनका इलाज जारी है।
सुबह तक लगा 25 किलोमीटर लंबा जाम
घटना के बाद से हाईवे पर ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। बुधवार सुबह करीब 6 बजे तक जयपुर-अजमेर हाईवे पर लगभग 25 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। प्रशासन ने बताया कि आग बुझाने और मलबा हटाने के बाद ही आवागमन सामान्य हो सकेगा, जिसमें कुछ और घंटे लग सकते हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए तत्काल निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थिति पर नजर रखी और तत्काल डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा को घटनास्थल पर रवाना किया। मुख्यमंत्री के आदेश पर हादसे वाली जगह से जयपुर के SMS अस्पताल तक के मार्ग को “ग्रीन कॉरिडोर” घोषित कर दिया गया ताकि घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके।
ये भी पढ़े – Train Accident : श्रीमाधोपुर में मालगाड़ी पटरी से उतरी, बड़ा हादसा टला
SMS अस्पताल में अलर्ट
जयपुर के SMS अस्पताल (LPG Cylinder Truck Blast) में डॉक्टरों और मेडिकल टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उधर, आग बुछाने के लिए करीब 20 गाड़ियां मौके पर भेजी गई और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहे।

