Rajasthan News:राजस्थान के डूंगरपुर जिले में बदमाशों ने मंगलवार देर रात बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। घटना दोवड़ा थाना क्षेत्र के पुनाली घाटे की है, जहां इंदौर जा रही एक निजी बस को ईको गाड़ी में सवार बदमाशों ने रोक लिया। बदमाश तलवार, धारिया और लाठियों से लैस होकर बस को लूटने की नीयत से बाहर निकले।
यात्रियों की हिम्मत से फेल हुई साजिश
बदमाशों के इरादे साफ तौर पर डकैती के थे, लेकिन बस में बैठे यात्रियों ने संयम और साहस दिखाया। सभी यात्री एक साथ बस से नीचे उतर आए और खुद को सुरक्षित किया। यात्रियों की सूझबूझ और हिम्मत देखकर बदमाश घबरा गए और मौके से फरार हो गए।
बस चालक ने बनाया वीडियो, पुलिस को सौंपा
बस चालक ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हो रहा है। इस वीडियो में बदमाशों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं और पुलिस को उनकी पहचान करने में मदद मिलेगी।
किसी यात्री को चोट नहीं
यात्रियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात के दौरान सभी लोग डरे जरूर, लेकिन सौभाग्य से किसी को चोट नहीं आई। बदमाशों के भाग जाने के बाद बस यात्रियों ने अपनी यात्रा फिर से जारी रखी।
पुलिस की कार्रवाई
डीएसपी हनवंत सिंह भाटी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रात में दो-तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ईको गाड़ी और उसके ड्राइवर सहित दो-तीन बदमाशों को डिटेन कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है और इलाके में दबिश दी जा रही है।

