Rajasthan News: राजस्थान के कोटा शहर में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। आरकेपुरम थाना क्षेत्र में मां और आठ साल की बेटी की घर के अंदर निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों के शव खून से सनी हालत में मिले, जबकि घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। शुरुआती जांच में मामला लूट और हत्या का लग रहा है।
नजारा देख पैरों तले खिसकी ज़मीन
जानकारी के अनुसार, मृतका ज्योति अपने पति भगवान के साथ रहती थी, जो शहर के एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार की शाम जब भगवान ड्यूटी खत्म कर घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो भीतर का नजारा देखकर उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई।
मां और बच्ची का शव
घर के किचन में ज्योति का शव खून से लथपथ पड़ा था, जबकि बेड पर उनकी 8 साल की बेटी पलक मृत अवस्था में मिली। बच्ची अब भी स्कूल यूनिफॉर्म में थी, जिससे अंदेशा है कि वारदात दिन में हुई होगी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े आए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो पाया कि घर में सबकुछ अस्त-व्यस्त था। अलमारी खुली हुई थी और ज्योति के गहने गायब थे। इससे यह शक और गहरा गया कि अपराधियों ने लूट की नीयत से घर में घुसकर मां-बेटी की हत्या की। हालांकि, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
CCTV से जांच हुई तेज
कोटा की एसपी सिटी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि एफएसएल टीम ने मौके से सबूत जुटा लिए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है। हत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस दोहरी हत्या ने कोटा शहर को दहला दिया है। इलाके में दहशत का माहौल है।
ये भी पढ़ें: SIR पर मचा सियासी बवाल: 12 राज्यों में कल से मतदाता सूची पुनरीक्षण, विपक्ष ने जताया विरोध

