होम = State = राजस्थान = राजस्थान कांग्रेस में फिर कलह का धमाका, गहलोत के सामने भिड़े धारीवाल–गुंजल समर्थक, पुलिस भी बनी तमाशबीन

राजस्थान कांग्रेस में फिर कलह का धमाका, गहलोत के सामने भिड़े धारीवाल–गुंजल समर्थक, पुलिस भी बनी तमाशबीन

Rajasthan News: राजस्थान कांग्रेस में आपसी मतभेद एक बार फिर खुलकर सामने आ गए हैं। शनिवार रात को कोटा रेलवे स्टेशन पर एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला जिसने पार्टी की एकता पर फिर सवाल खड़े कर दिए। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जैसे ही ट्रेन से उतरे, उनके स्वागत के लिए आए शांति धारीवाल और प्रहलाद गुंजल के समर्थकों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति इतनी गरम हो गई कि दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई तक हो गई।

समर्थको में हुआ बवाल

गहलोत के सामने हुए इस हंगामे से पुलिस को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों पक्षों के समर्थक गहलोत के करीब पहुंचने की कोशिश में एक-दूसरे को धकेलते रहे। जब स्थिति काबू से बाहर होती दिखी तो गहलोत ने बिना कोई बयान दिए चुपचाप अपनी गाड़ी में बैठकर बारां जिले के लिए रवाना होना ही बेहतर समझा। इस बीच, गहलोत के स्वागत में न तो शांति धारीवाल पहुंचे और न ही प्रहलाद गुंजल। दोनों नेताओं की अनुपस्थिति ने कोटा कांग्रेस की गुटबाजी को और हवा दे दी। बताया जा रहा है कि गहलोत अंता विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र एक आम सभा को संबोधित करने कोटा पहुंचे थे, लेकिन उनकी यात्रा से पहले ही पार्टी की अंदरूनी कलह सुर्खियों में आ गई।

कांग्रेस में अंदरूनी संघर्ष

यह विवाद नया नहीं है। 5 अक्टूबर को भी कोटा कांग्रेस कार्यालय में दोनों गुटों के बीच तीखी झड़प और आरोप-प्रत्यारोप हुए थे। उस समय तेलंगाना कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष और पर्यवेक्षक जेट्टी कुसुमा कुमार भी मौजूद थे। उस घटना के बाद पार्टी ने “एकता” की बात तो की थी, लेकिन अब यह टकराव फिर कांग्रेस के अंदरूनी संघर्ष को उजागर कर रहा है।

कांग्रेस की छवि पर गहरा असर

राजस्थान में उपचुनाव से पहले गहलोत के सामने हुआ यह टकराव कांग्रेस नेतृत्व के लिए बेहद असहज स्थिति बन गया है। जहां एक ओर पार्टी राज्य में संगठन को मजबूत करने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर गुटबाजी की यह तस्वीर कांग्रेस की छवि पर गहरा असर डाल रही है। अब बड़ा सवाल यह है क्या गहलोत इस कलह को थाम पाएंगे या फिर कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई चुनावी मैदान में भी असर दिखाएगी?

ये भी पढ़ें: SIR पर मचा सियासी बवाल: 12 राज्यों में कल से मतदाता सूची पुनरीक्षण, विपक्ष ने जताया विरोध

बंगाल