होम = State = राजस्थान = हज मार्ग पर हाहाकार : बस – टैंकर टक्कर में 42 भारतीयों की मौत, देशभर में शोक, विदेश मंत्रालय राहत कार्य में लगा

हज मार्ग पर हाहाकार : बस – टैंकर टक्कर में 42 भारतीयों की मौत, देशभर में शोक, विदेश मंत्रालय राहत कार्य में लगा

Ajmer News : सऊदी अरब के मदीना–मक्का मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। भारतीय उमराह यात्रियों को ले जा रही बस की तेल टैंकर से टक्कर होने पर बस में आग लग गई। इस घटना में 42 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए। हादसे की खबर के बाद पूरे भारत में शोक की लहर फैल गई।

अजमेर शरीफ में श्रद्धांजलि और सामूहिक दुआ

अजमेर स्थित हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती दरगाह (अजमेर शरीफ) में सभी 42 यात्रियों की याद में विशेष श्रद्धांजलि सभा रखी गई। दरगाह के आस्ताने में हजारों जायरीन और खादिम इकट्ठा हुए। सूरह यासीन की तिलावत, फातेहा और दिवंगत आत्माओं के लिए दुआ की गई। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना भी की गई।

दरगाह के खादिम सैयद सुल्तान रोमी बाबा और गरीब नवाज सेवा समिति के अध्यक्ष सैयद कुतुबुद्दीन सखी ने सऊदी सरकार से अनुरोध किया कि उमराह और हज यात्रियों की सुरक्षा के लिए कड़े नियम बनाए जाएँ—जैसे बसों की फिटनेस जांच, ड्राइवर प्रशिक्षण, स्पीड लिमिट और अलग लेन की व्यवस्था।

PM मोदी और नेताओं ने जताया दुख

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री और अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने गहरा दुख जताया है।
मृतकों में गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के श्रद्धालु शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय राहत कार्य में लगा

  • भारत का विदेश मंत्रालय सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में है।
  • घायलों को इलाज मिल सके, इसके लिए दूतावास की टीम मौके पर जुटी है।
  • मृतकों के परिवारों से संपर्क किया जा रहा है और उन्हें हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।
  • जल्द ही सभी यात्रियों के शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि उन्हें उनके परिवारों को सौंपा जा सके।
Tags : Ajmer News