Delhi-Mumbai Expressway Accident: राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का खौफनाक नतीजा सामने आया, जहां एक भीषण सड़क हादसे में जाने-माने उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि करीब दो करोड़ रुपये की लग्जरी BMW कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
क्या है पूरा मामला
यह दुर्घटना अलवर जिले के रेणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के चैन नंबर 136.8 के पास हुई। जानकारी के अनुसार कार जयपुर से बड़ौदामेव की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में चल रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने प्लांटेशन क्षेत्र में स्थित पुलिया की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जोरदार धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी।
कार के अंदर फंसे दोनों
हादसे में उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद कार के अंदर फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालना काफी मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों को कार से बाहर निकाला गया और पिनान के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया।
नहीं बच पाई जान
उद्योगपति की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें तुरंत अलवर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और अस्पताल पहुंचने के कुछ समय बाद ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस दुखद घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और कई नेताओं व सामाजिक संगठनों ने भी शोक व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें: तेल 114 डॉलर के पार, मिडिल ईस्ट तनाव से बाजार में भूचाल! सेंसेक्स 2000+ अंक लुढ़का, निफ्टी 24,000 के नीचे

