Arvind Kejriwal : दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिका से आने वाले सामान पर 75% टैरिफ लगाने की मांग की है.अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर स्थित प्रभु फार्म में मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर हमला किया.उन्होंने कहा कि भारत के कपास किसानों को संकट में डालने वाली मोदी सरकार की नीतियों के कारण अमेरिकी कपास अब सस्ती हो जाएगी. 19 अगस्त को केंद्र सरकार ने अमेरिकी कपास पर लगने वाली 11% इंपोर्ट ड्यूटी हटा दी, जिससे अब भारतीय किसानों को बाजार में अपनी फसल बेचने में मुश्किल होगी.
केंद्र सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की यह नीति भारतीय किसानों के लिए विनाशकारी साबित हो रही है,क्योंकि अब अमेरिकी कपास भारतीय बाजार में सस्ती बिकेगी, जिससे भारतीय किसानों को खरीदार नहीं मिलेंगे और उन्हें अपनी फसल के लिए उचित मूल्य नहीं मिलेगा. उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की हालत ऐसी हो गई है कि किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो जाएंगे.
अमेरिका से आने वाले सामान पर 75% टैरिफ लगाने की अपील
केजरीवाल ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने ट्रंप के दबाव में अमेरिका को कोई जवाब नहीं दिया,जबकि अमेरिका ने हीरे पर 50% टैरिफ लगाया है और मोदी सरकार ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से यह भी मांग की कि वह अमेरिका से आने वाले सामान पर 75% टैरिफ लगाएं, ताकि भारतीय उद्योग और किसान सुरक्षित रह सकें.
ये भी पढ़ें :भारतीय टीम ने शुरू किया अभ्यास, जानें इस बार टी-20 प्रारूप में क्यों हो रहा एशिया कप 2025
इसके साथ ही केजरीवाल ने यह भी कहा कि भारतीय किसान पहले 1500-1700 रुपये प्रति 20 किलो के दाम प्राप्त करते थे, लेकिन आज वे 1200 रुपये से भी कम पर अपनी फसल बेचने को मजबूर हैं. उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि किसानों को उपेक्षित किया जा रहा है और उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है.
भारतीय किसानों की हालत और खराब :केजरीवाल
इसके अलावा केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि अमेरिका में गौतम अडानी के खिलाफ एक केस चल रहा है, जिसमें उन्हें जेल भी हो सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अडानी को बचाने के लिए ट्रंप की गुंडागर्दी के आगे झुक रही है,जिससे भारतीय किसानों की हालत और खराब हो रही है. केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि मोदी जी,हिम्मत दिखाइए,अमेरिकी कपास और अन्य सामान पर 75% टैरिफ लगाइए और भारतीय किसानों और उद्योगों को बचाइए.

