होम = State = पंजाब = कबड्डी टूर्नामेंट में हत्या, फिर एनकाउंटर… राणा बलाचौरिया केस में पुलिस का बड़ा एक्शन

कबड्डी टूर्नामेंट में हत्या, फिर एनकाउंटर… राणा बलाचौरिया केस में पुलिस का बड़ा एक्शन

by | Dec 17, 2025 | पंजाब

Rana Balachauria Murder Case: पंजाब के मोहाली में हुए चर्चित राणा बलाचौरिया हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहाली पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले के मुख्य हैंडलर को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया है, जबकि हत्या की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है।

क्या है पूरा मामला

यह सनसनीखेज वारदात मोहाली के गांव सोहाना में आयोजित एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हुई थी। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और वैदवान स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित टूर्नामेंट में 30 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर कंवर दिग्विजय उर्फ राणा बलाचौरिया को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

एनकाउंटर में ढेर

हत्या के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश तेज की। इसी दौरान लालडू हाईवे के पास एक खंडहर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में तरनतारन जिले के नौशेहरा पन्नुआं निवासी हरजिंदर उर्फ मिड्डू मारा गया। पुलिस के मुताबिक, हरजिंदर इस हत्याकांड का ग्राउंड लेवल पर मुख्य प्लानर और हैंडलर था। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसएसपी मोहाली हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि आरोपी ने पहले पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। घायल अवस्था में आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने किया खुलासा

जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी पहले बाइक से फरार हुए और बाद में कार से भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली एयरपोर्ट से ऐशदीप सिंह को गिरफ्तार किया है, जो विदेश में बैठकर साजिश रच रहा था और मस्कट भागने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे डोनी बाल और लकी पटियाल गैंग का हाथ है, जो कबड्डी टूर्नामेंटों पर दबदबा कायम करना चाहता था। पुलिस ने इस मामले का सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से कोई संबंध होने से इनकार किया है।

ये भी पढ़े: मनरेगा से ‘जी राम जी’ तक, नाम बदलने के पीछे क्या है सरकार की योजना और कितना पड़ेगा इसका खर्च?