Ferozepur Encounter: पंजाब पुलिस को बुधवार की रात बड़ी सफलता मिली जब RSS नेता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी बादल का फिरोजपुर में एनकाउंटर कर दिया गया। 15 नवंबर को नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या करने के बाद बादल फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी थीं।
पुलिस की कार्यवाही
पुलिस के अनुसार, एक स्पेशल टीम फाजिल्का के एक श्मशान घाट पर हथियार बरामद करने और आरोपी के साथियों को पकड़ने गई थी। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, दो संदिग्धों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ में बादल गंभीर रूप से घायल हो गया। एनकाउंटर के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी गोली से घायल हुआ। दोनों को तुरंत फाजिल्का सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां बादल को मृत घोषित कर दिया गया।
कैसे हुई थी हत्या
15 नवंबर को फिरोजपुर में हुई वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े नवीन अरोड़ा को निशाना बनाया था। जांच के दौरान कई गिरफ्तारियां हुईं और हत्या से जुड़े कई परतें खुलीं। पिछले हफ्ते आरिफके गांव में हुई एक और मुठभेड़ में पुलिस ने मुख्य संदिग्ध गुरसिमरन सिंह को दबोचा था।
इसके अलावा हर्ष और कनव नाम के दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया, जिन पर हत्या की प्लानिंग और उसे अंजाम देने में शामिल होने का शक है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और गिरोह से जुड़े और चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।

