PM Modi In Odisha : ओडिशा के झारसुगुड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “2014 में जब आपने हमें सेवा का अवसर दिया, हमने देश को कांग्रेस के लूटतंत्र से बाहर निकाला। अब भाजपा सरकार में दोगुनी बचत और दोगुनी कमाई का दौर आ गया है। पहले कर्मचारियों, व्यापारियों और कारोबारियों को 2 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर भी आयकर देना पड़ता था, लेकिन आज उन्हें 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर एक रुपया भी टैक्स नहीं देना पड़ता।”
भारत को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
पीएम मोदी ने कहा, “हमारा संकल्प है कि भारत चिप से लेकर जहाज़ों तक, हर चीज़ में आत्मनिर्भर बने। देश का हर नागरिक चाहता है कि हमारा देश किसी पर निर्भर न रहे। इसलिए पारादीप से झारसुगुड़ा तक एक विशाल औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।”
उन्होंने आगे बताया कि देश में जहाज़ निर्माण को बढ़ावा देने के लिए 70,000 करोड़ रुपये का पैकेज स्वीकृत किया गया है, जिससे 4.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आएगा और लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जहाज़ निर्माण में बड़ा निवेश
पीएम मोदी ने कहा, “जो देश आर्थिक रूप से सशक्त होना चाहता है, वह जहाज़ निर्माण पर जोर देता है। व्यापार, तकनीक या देश की सुरक्षा—जहाज़ निर्माण हर क्षेत्र में लाभ पहुंचाता है। अपने जहाज़ होने से संकट के समय आयात-निर्यात में रुकावट नहीं आएगी। इसलिए भाजपा सरकार ने इसके लिए 70,000 करोड़ रुपये का पैकेज मंज़ूर किया है।”
50,000 परिवारों को मिलेगा पक्का घर
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारी प्राथमिकता गरीबों, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। जब एक गरीब परिवार को पक्का घर मिलता है, तो यह न सिर्फ वर्तमान बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के जीवन को भी आसान बनाता है। हमारी सरकार ने देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्का घर दिया है। ओडिशा में भी हजारों घर निर्माणाधीन हैं, और आज लगभग 50,000 परिवारों को घर की स्वीकृति मिली है।”
ओडिशा का विकास तेजी से
पीएम मोदी ने कहा, “डेढ़ साल पहले, विधानसभा चुनाव के दौरान, ओडिशावासियों ने ‘विकसित ओडिशा’ का संकल्प लिया था। आज ओडिशा डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। राज्य और देश के विकास के लिए हज़ारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। इसके साथ ही BSNL की स्वदेशी 4G सेवाओं का शुभारंभ भी हो चुका है।”

