PM Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के दौरे पर हैं। एक दिवसीय इस दौरे के दौरान उनका कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है।
झारसुगुड़ा में जनसभा
प्रधानमंत्री सुबह 11:10 बजे झारसुगुड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचेगे, जहां से वे सीधे अमलीपाली मैदान जाएंगे। यहां आयोजित विशाल जनसभा में पीएम मोदी युवाओं को संबोधित करेंगे और उन्हें नए भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करेंगे।
1700 करोड़ की रेलवे परियोजनाओं की सौगात
अपने ओडिशा प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी लगभग 1700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तीन प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही वे अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी भी दिखाएंगे। यह अत्याधुनिक ट्रेन बरहमपुर से गुजरात के सूरत तक चलेगी, जिससे यात्रियों को आधुनिक और तेज गति की सुविधा मिलेगी।
सीएम माझी ने किया स्वागत
पीएम मोदी के आगमन से पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर उनका स्वागत किया। उन्होंने लिखा—
“यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा ओडिशा को प्राथमिकता दी है। आज एक बार फिर विकास का उपहार लेकर मोदी जी ओडिशा आ रहे हैं। इस अवसर पर उनका ओडिशा की धरती पर हार्दिक स्वागत है।”
जनता में उत्साह
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ओडिशा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। राज्य को एक बार फिर करोड़ों की विकास परियोजनाओं का तोहफा मिलने जा रहा है। उनके स्वागत के लिए जगह-जगह विशेष तैयारियां की गई हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं व स्थानीय जनता में उत्साह का माहौल है।

