Odisha Elephant Rescue News: ओडिशा के क्योंझर जिले में वन विभाग की टीम द्वारा कुएं से हाथी को रेस्क्यू करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स वन विभाग टीम की तारीफ कर रहे हैं। दरअसल, क्योंझर के सदर रेंज के बनाजोड़ी में झुंड से बिछड़कर एक हाथी घनी आबादी के बीच बने 30 फीट गहरे कुएं में गिर गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन अधिकारियों की टीम ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद ली। हाथी के रेस्क्यू के लिए आर्किमिडीज पद्धति अपनाई।
रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा गया हाथी
कुएं में गिरे हाथी को बचाने के लिए दो पाइपों से कुएं में पानी छोड़ा गया। वीडियो में देखा जा रहा है कि तब हाथी शांत होकर वहीं खड़ा रहता है। पानी पूरा भर जाने के बाद, जेसीबी मशीन से कुएं की बाउंड्री हटाकर पास में 10 फीट तक गहरी खाई खोदी गई और इसके बाद हाथी कुएं से बाहर निकाला गया और फिर उसे वापस जंगल की तरफ छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन को गुरुवार को तड़के पूरा किया गया और इस रेस्क्यू में करीब 6 घंटे का समय लगा।
क्या होती है आर्किमिडीज पद्धति
आर्किमिडीज के सिद्धांत के अनुसार जब किसी वस्तु को पानी या किसी अन्य तरल में डाला जाता है, तो उस पर नीचे से ऊपर की ओर एक बल (बॉयंट फोर्स) लगता है। इसी बल की वजह से वस्तु का वजन कुछ कम महसूस होता है और वह ऊपर की ओर उठने लगती है या तैरने लगती है। इसी सिद्धांत का इस्तेमाल करते हुए बचाव दल ने कुएं में पानी भरना शुरू किया, जिससे पानी का स्तर बढ़ने के साथ हाथी भी धीरे-धीरे ऊपर आ गया और उसे सुरक्षित बाहर निकालना संभव हो सका।
सोशल मीडिया पर ऐसे रहे रिएक्शंस
सोशल मीडिया X पर एक यूजर ने कहा, “भगवान गजानन ने इस नेक काम के लिए सभी वन अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों को आशीर्वाद दिया।” दूसरे यूजर ने पोस्ट में लिखा, ” “बेचारा। बहुत थका हुआ, बहुत परेशान, लेकिन आखिरकार बचा लिया गया। मदद करने वाले सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई। आर्किमिडीज का सिद्धांत जिंदाबाद!” एक अन्य यूजर ने हाथी को सुरक्षित बचाने वाले वन अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के कोशिश की सराहना की।
ये भी पढ़ें: ईरान के Warship आईरिस लावन को भारत ने क्यों दी शरण? विदेश मंत्री एस जयशंकर ने किया बड़ा खुलासा

