होम = State = ओडिशा = चक्रवात ‘मोंथा’ का तूफ़ानी असर : गहीरमाथा तट पर उभरा रहस्यमयी जहाज़ का मलबा, ब्रिटिश काल का होने की चर्चा तेज़!

चक्रवात ‘मोंथा’ का तूफ़ानी असर : गहीरमाथा तट पर उभरा रहस्यमयी जहाज़ का मलबा, ब्रिटिश काल का होने की चर्चा तेज़!

by | Oct 30, 2025 | ओडिशा

Odisha News : ओडिशा में चक्रवात ‘मोंथा’ के प्रभाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसी बीच राज्य के गहीरमाथा समुद्री अभयारण्य में समुद्र के बीचोंबीच एक पुराने जहाज का मलबा दिखाई देने से हलचल मच गई है।

जानकारी के अनुसार, नासीरु तट से लगभग एक किलोमीटर दूर समुद्र में यह जहाज का ढांचा दिखाई दिया है। सुबह के समय जब ज्वार उतरा, तब स्थानीय मछुआरों ने इस मलबे को देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। बताया जा रहा है कि यह मलबा भाटा के समय साफ दिखाई देता है, जबकि ज्वार आने पर पानी में डूब जाता है।

वन विभाग के अधिकारियों का अनुमान

वन विभाग के अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया है कि यह जहाज ब्रिटिश शासनकाल के समय का हो सकता है। इसके ढांचे की बनावट पुरानी यूरोपीय शैली की प्रतीत होती है। अधिकारियों का कहना है कि करीब दस साल पहले भी यह मलबा समुद्र की सतह पर नजर आया था, लेकिन बाद में लहरों में दब गया था।

तेज ज्वार-भाटे और ऊंची लहरों

चक्रवात ‘मोंथा’ के चलते बंगाल की खाड़ी में समुद्र काफी उग्र हो गया है। तेज ज्वार-भाटे और ऊंची लहरों के कारण यह मलबा संभवतः तट की ओर बहकर आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह जहाज लंबे समय से समुद्र की गहराइयों में दबा हुआ था, जो अब दोबारा सतह पर उभर आया है।

ये भी पढ़े – ‘मोंथा’ तूफ़ान का कहर: आंध्र पार कर ओडिशा की ओर, 15 जिलों में असर

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह जहाज किस काल का, कहां से आया और कैसे डूबा था। वन विभाग और समुद्री पुरातत्व विशेषज्ञों की टीम अब इसकी विस्तृत जांच करेगी ताकि इस रहस्यमय जहाज के इतिहास का पता लगाया जा सके।

चुनाव स्पेशल – बिहार