Cyclone Montha : बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ (Montha) तेजी से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह तूफान आज मंगलवार को मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के पास तट से टकराने की संभावना है।
तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा मोंथा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, चक्रवात ‘मोंथा’ दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर स्थित है और पिछले छह घंटों में करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। यह फिलहाल चेन्नई से 420 किमी, विशाखापत्तनम से 500 किमी और काकीनाडा से 450 किमी दूर है।
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो रही है और पूरा तटीय क्षेत्र हाई अलर्ट पर है।
पीएम मोदी ने की स्थिति की समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बात की और उन्हें केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री नायडू ने सचिवालय स्थित रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी सेंटर से स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
आंध्र प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित होगा
भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. एम. महापात्रा ने बताया कि इस तूफान का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश पर पड़ेगा, उसके बाद ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी इसका प्रभाव देखने को मिलेगा।
28 से 30 अक्टूबर के बीच आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
स्कूल और कॉलेज बंद
चक्रवात के असर से तमिलनाडु के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। चेंगलपट्टू और कडलूर जिलों में भारी जलभराव के कारण प्रशासन ने मंगलवार को सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।
उड़ानें और ट्रेनें रद्द
इंडिगो एयरलाइंस ने विजाग, विजयवाड़ा और राजमुंदरी के यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
दक्षिण मध्य रेलवे और पूर्वी तट रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कई ट्रेनें रद्द कर दी हैं। 27, 28 और 29 अक्टूबर को रवाना होने वाली ट्रेनों पर इसका असर पड़ा है।
NDRF की 22 टीमें अलर्ट पर
चक्रवात ‘मोंथा’ से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पुडुचेरी, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 22 टीमें तैनात की हैं।
समुद्र में ऊँची लहरों और अशांत मौसम की चेतावनी को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
ओडिशा में रेड अलर्ट
ओडिशा सरकार ने चक्रवात के मद्देनजर आठ दक्षिणी जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है और संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है। प्रशासन ने चक्रवात के मार्ग बदलने की आशंका को देखते हुए सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है।

