MP Cabinet Meeting: मध्य प्रदेश की राजनीति और जनकल्याण योजनाओं के मोर्चे से सोमवार को आई खबर ने लाखों परिवारों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। भोपाल के मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें सबसे बड़ा फैसला लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने का रहा।
क्या है बड़े फैसले
बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन काश्यप ने बताया कि अब लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली राशि 1200 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है। सरकार का कहना है कि यह कदम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। बताया जा रहा है कि इसका औपचारिक ऐलान जल्द ही सिवनी में एक बड़े कार्यक्रम में किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद इस नई राशि की घोषणा कर सकती हैं। यह फैसला लाखों महिलाओं के लिए धनतेरस के तोहफे जैसा उपहार बन गया है।
जनजातीय गौरव को सम्मान
इसी बैठक में सरकार ने 15 नवंबर को पूरे राज्य में भगवान बिरसा मुंडा जयंती मनाने का भी निर्णय लिया। इस दिन जबलपुर और आलीराजपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। खास बात यह है कि जबलपुर में होने वाले समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़कर प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। प्रदेश के हर जिले में भी बिरसा मुंडा की जयंती पर विशेष कार्यक्रम और सांस्कृतिक आयोजन होंगे, ताकि जनजातीय गौरव को सम्मान दिया जा सके।
कई प्रशासनिक और नीतिगत प्रस्तावों पर भी सहमति
किसानों के लिए भी कैबिनेट ने बड़ी राहत दी है। भावांतर भुगतान योजना के तहत सोयाबीन का रेट 4036 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव 13 नवंबर को देवास में आयोजित विशेष कार्यक्रम में किसानों के खातों में यह राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे। इसके अलावा, कैबिनेट ने खंडवा जिले के मांधाता में नया जिला न्यायालय खोलने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। अन्य कई प्रशासनिक और नीतिगत प्रस्तावों पर भी सहमति बनी है।
कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री मोहन यादव की यह कैबिनेट बैठक महिलाओं की मुस्कान, किसानों की राहत और जनजातीय सम्मान, इन तीनों के संगम का प्रतीक बन गई है।
ये भी पढ़ें: SIR पर मचा सियासी बवाल: 12 राज्यों में कल से मतदाता सूची पुनरीक्षण, विपक्ष ने जताया विरोध

