Sharad Pawar Health: महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के प्रमुख शरद पवार एक बार फिर स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। मंगलवार को वह पुणे स्थित रूबी हॉल क्लिनिक पहुंचे, जहां उनका रूटीन हेल्थ चेक-अप किया गया। इस दौरान डॉक्टरों ने उन्हें अगले दो दिनों तक अस्पताल में निगरानी में रहने की सलाह दी है।
उल्टी और डिहाइड्रेशन बनी वजह
सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार को उल्टी की शिकायत के बाद शरीर में लिक्विड की कमी (डिहाइड्रेशन) हो गई थी। एहतियात के तौर पर डॉक्टरों ने उन्हें हॉल क्लिनिक में भर्ती किया। अस्पताल में उनका ब्लड टेस्ट और सीटी स्कैन कराया गया, जिनकी रिपोर्ट सामान्य आई है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बेटी सुप्रिया सुले रहीं साथ
अस्पताल में शरद पवार के साथ उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद रहीं। परिवार की ओर से बताया गया कि डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर रखे हुए हैं और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है।
पिछले हफ्ते भी कराया गया था भर्ती
गौरतलब है कि 85 वर्षीय शरद पवार को पिछले सप्ताह भी इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब उन्हें सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत थी। जांच में सीने में संक्रमण की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद कुछ दिनों तक उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। शनिवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया गया था और तीन-चार दिन आराम की सलाह दी गई थी।
डॉक्टरों का बयान
रूबी हॉल क्लिनिक के चीफ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. पुरवेज ग्रांट ने बताया कि हल्के डिहाइड्रेशन के कारण शरद पवार को भर्ती किया गया है। उन्हें लिक्विड दिया जा रहा है और दो दिन बाद घर भेजने की तैयारी है।
समर्थकों का जताया आभार
इससे पहले अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया था कि शरद पवार घर पर आराम करेंगे और जल्द ही अपनी दिनचर्या शुरू करेंगे। साथ ही उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के स्टाफ का दिल से धन्यवाद भी किया था। उन्होंने लिखा कि शरद पवार की सेहत को लेकर चिंता जताने और दुआ करने वाले सभी लोगों का परिवार की ओर से आभार व्यक्त करती हैं।
ये भी पढ़ें: भारत में आतंकी साजिश का पर्दाफाश, तमिलनाडु से 8 संदिग्ध गिरफ्तार; ISI और बांग्लादेशी संगठनों से जुड़े तार

