Maharashtra Rain : महाराष्ट्र में बारिश ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार देर रात से शुरू हुई तेज बरसात ने सोमवार सुबह तक रफ्तार नहीं धीमी की, जिसके चलते मुंबई और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से यातायात बाधित रहा और दफ्तर जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुंबई में जगह-जगह पानी भरा
सोमवार सुबह किंग्स सर्कल और अन्य निचले इलाकों में सड़कें नहर जैसी नजर आईं। जगह-जगह जलभराव और गड्ढों में भरे पानी ने सड़क यातायात को धीमा कर दिया। लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। मध्य रेलवे मार्ग पर कुर्ला स्टेशन और पश्चिमी रेलवे के बांद्रा स्टेशन के पास पटरियों पर पानी जमा हो गया, जिसके कारण लोकल ट्रेनें देरी से चलीं।
मोनोरेल में फंसे यात्री
वडाला इलाके में सोमवार सुबह एक बड़ी घटना तब हुई जब तकनीकी खराबी के कारण मोनोरेल बीच रास्ते पर रुक गई। गाडगे महाराज स्टेशन से चेंबूर जा रही इस मोनोरेल में कुल 17 यात्री सवार थे। जानकारी मिलते ही मुंबई अग्निशमन विभाग और मोनोरेल की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि किसी को भी चोट नहीं आई।
MMRDA के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 7:45 बजे यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और ट्रेन को कपलिंग के जरिए वडाला ले जाया गया। वहीं रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के पार्षद राजेश आनंद भोजने ने सरकार से मोनोरेल में बार-बार होने वाली तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
बारिश का आंकड़ा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार सुबह 8.30 बजे से सोमवार सुबह 5.30 बजे तक सबसे ज्यादा 88.2 मिमी बारिश कोलाबा में दर्ज की गई। बांद्रा में 82 मिमी, बायकुला में 73 मिमी और माहुल टाटा पावर स्टेशन पर 70.5 मिमी बारिश हुई। जुहू में 45 मिमी, जबकि सांताक्रूज और महालक्ष्मी में क्रमशः 36.6 और 36.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
ये भी पढ़े – महाराष्ट्र सरकार के मंत्री का आदित्य ठाकरे को लेकर विवादित बयान,कहा- बुर्के में छिपकर देखेंगे भारत-पाकिस्तान मैच
लोगों की बढ़ी मुश्किलें
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि आधी रात को गरज-चमक के साथ शुरू हुई बारिश सुबह तक जारी रही। लगातार हो रही बरसात ने मुंबईकरों (Maharashtra Rain) की सुबह की दिनचर्या को प्रभावित किया। ऑफिस जाने वालों को भारी ट्रैफिक जाम और धीमी लोकल सेवाओं के कारण देरी का सामना करना पड़ा।

