होम = State = महाराष्ट्र = Navi Mumbai : वाशी में भीषण आग: चार की मौत, दस लोग घायल; ठाणे में भी लगी आग

Navi Mumbai : वाशी में भीषण आग: चार की मौत, दस लोग घायल; ठाणे में भी लगी आग

Navi Mumbai : नवी मुंबई के वाशी क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि के बीच अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, एमजी कॉम्प्लेक्स स्थित रहेजा रेजिडेंसी की दसवीं मंजिल पर करीब एक बजे ये हादसा हुआ। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और 11वीं व 12वीं मंजिल तक फैल गई। इस हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दस अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

दमकल विभाग मौके पर पहुंची

दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया। घायलों को तुरंत वाशी के एमजीएम हॉस्पिटल और फॉर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मरने वालों में एक 5 से 7 वर्ष की मासूम बच्ची और 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं।

छह फ्लैटों में फैली आग

जानकारी के मुताबिक, यह आग इमारत की लगभग छह फ्लैटों में फैल गई थी। मृतकों में एक व्यक्ति दसवीं मंजिल का था, जबकि तीन अन्य 12वीं मंजिल पर रहते थे। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर मौजूद रहकर जांच में जुटी हैं।

ठाणे में भी दिवाली के दौरान आग का हादसा

इसी बीच, ठाणे के पाटलीपाड़ा इलाके में सोमवार रात दिवाली उत्सव के दौरान एक अन्य आग की घटना सामने आई। यहां एक ऊंची इमारत की 31वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट की बालकनी में रखे फर्नीचर में पटाखों की चिंगारी से आग लग गई। यह हादसा रात करीब 10:45 बजे हुआ।

ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि आग पर दमकल कर्मियों ने आधे घंटे में काबू पा लिया। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पटाखों के कारण शहर में कुछ और छोटे स्तर की आग की घटनाएं भी दर्ज की गई, लेकिन किसी में कोई हताहत नहीं हुआ।

ये भी पढ़े – दीपावली पर हादसों की दहशत, नवी मुंबई में सिलेंडर फटने और आग लगने से 6 की मौत, कई झुलसे

दोनों घटनाओं ने त्योहारों के बीच सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन (Fire Fighting) उपायों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और पटाखों का प्रयोग सीमित रूप से करें ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

बंगाल