India-Pakistan match : महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे एक बार फिर विवादों में घिरते हुए नजर आए हैं. उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे पर अभद्र टिप्पणी की और उनकी आवाज का मजाक उड़ाया. नितेश राणे ने आरोप लगाया कि आदित्य ठाकरे बुर्के में छिपकर भारत-पाकिस्तान के मैच को देखेंगे और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाएंगे. इस दौरान उन्होंने आदित्य ठाकरे की आवाज की नकल भी की, जिससे विवाद और बढ़ गया.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
नितेश राणे के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वे आदित्य ठाकरे का मखौल उड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं. राणे की टिप्पणी पर विरोधी दलों और सोशल मीडिया यूज़र्स की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं.
पहले भी आया है ऐसा बयान
नितेश राणे के बयान के संदर्भ में,यह कोई पहला मौका नहीं है जब उन्होंने विवादित बयान दिया हो. इससे पहले भी वह कई बार अपने विवादित बयान के कारण सुर्खियों में रह चुके हैं. हाल ही में उन्होंने हिंदी भाषा को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि अगर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना बीएमसी चुनाव जीतती है, तो मुंबई में मेयर पद पर मुस्लिम नेता चुने जाने से हिंदू समुदाय की सुरक्षा पर सवाल उठाए जाएंगे. इसके अलावा,नितेश राणे ने मदरसों को लेकर भी तीखी आलोचना की थी और दावा किया था कि वहां आतंकवाद की पढ़ाई होती है. उन्होंने कहा था कि यदि शिवसेना चुनाव जीतती है तो मुंबई में शरिया कानून लागू होने का खतरा है.
सार्वजनिक माफी मांगने की मांग
नितेश राणे का यह बयान इस बार भी विवाद का कारण बना है. इससे पहले भी वह शिवसेना (यूबीटी) और मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं, और हिंदू-मुस्लिम मुद्दों पर उनकी टिप्पणियां अक्सर चर्चा का विषय बनती हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नितेश राणे की टिप्पणियों से न केवल महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो सकता है, बल्कि यह राज्य में साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण को भी बढ़ावा दे सकता है. शिवसेना (यूबीटी) और अन्य राजनीतिक दलों ने नितेश राणे के बयान की कड़ी निंदा की है और उन्हें सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है.

