Devendra Davos Investment Agreements: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में महाराष्ट्र सरकार और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने देश-विदेश की कई प्रमुख कंपनियों और वैश्विक संस्थाओं के साथ बड़े निवेश समझौते (MOUs) पर हस्ताक्षर किए।
विभिन्न क्षेत्रों में निवेश समझौते
इन एमओयू के तहत महाराष्ट्र में रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स, स्टील, नवीकरणीय ऊर्जा, आईटी-आईटीईएस, डेटा सेंटर, शहरी परिवहन और सतत औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस अवसर पर अलग-अलग उद्योग प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और निवेश को लेकर विस्तार से चर्चा की।
डब्लूईएफ अधिकारियों से बैठक
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, दावोस में फडणवीस ने WEF के अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन प्रमुख और कार्यकारी समिति सदस्य जेफ मेरिट के साथ बैठक की। इस दौरान वैश्विक औद्योगिक बदलावों और भविष्य में उद्यम विकास में सतत नवाचार की भूमिका पर चर्चा हुई।
आईकेईए के विस्तार पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने इंगका ग्रुप (IKEA Retail) के सीईओ और अध्यक्ष जुवेंसियो मैएज्यु से मुलाकात की। बैठक में महाराष्ट्र में आईकेईए के विस्तार और बड़े निवेश की योजनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आईकेईए की योजनाओं को जानकर संतोष जताया और राज्य में उनके कारोबार को मिले सहयोग के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया।
लॉजिस्टिक्स और स्टील सेक्टर में करार
मुंबई में लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के लिए 20 बिलियन डॉलर के समझौते पर हस्ताक्षर हुए। गढ़चिरौली और विदर्भ में स्टील सेक्टर के लिए 20,000 करोड़ रुपए के निवेश करार किए गए। इसके अलावा, पालघर में बीएफएन फोर्जिंग्स और महाराष्ट्र सरकार के बीच 565 करोड़ रुपए का समझौता हुआ।
नवीकरणीय ऊर्जा और डेटा सेंटर में निवेश
नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में महाराष्ट्र सरकार और योकी ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के बीच 4,000 करोड़ रुपए का समझौता हुआ। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में आईटी और डेटा सेंटर क्षेत्र के लिए महाराष्ट्र सरकार और लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड के बीच 1 लाख करोड़ रुपए के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
कोका-कोला के साथ संभावनाओं पर चर्चा
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, फडणवीस ने कोका-कोला कंपनी के सीवीपी माइकल गोल्ट्जमैन से मुलाकात की। बैठक में महाराष्ट्र में कोका-कोला के विस्तार और जामनेर जैसे संभावित विकल्पों पर सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही जीसीसी नीति, बेहतर खाद्य गुणवत्ता और निवेश सहयोग की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई।
ये भी पढ़ें: टैरिफ चेतावनियों के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, पीएम मोदी की करता हूं बहुत इज्जत; जल्द होगी ट्रेड डील
