Ajit Pawar: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन के बाद गुरुवार को बारामती में उनका अंतिम संस्कार किया गया। विद्या प्रतिष्ठान का मैदान एनसीपी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से खचाखच भरा रहा। अंतिम दर्शन के लिए महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी अंतिम विदाई में शामिल हुए।
पिता को मुखाग्नि देते समय अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार और छोटे बेटे जय पवार भावुक नजर आए। दोनों ने हाथ जोड़कर मौजूद लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।
अजित पवार के पंचतत्व में विलीन होने के बाद अब महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है— एनसीपी और पवार परिवार की राजनीतिक विरासत की कमान अब कौन संभालेगा?
कौन संभालेगा NCP की कमान?
(उम्र के अनुसार सूची)
शरद पवार (85 वर्ष)
सुनेत्रा पवार (62 वर्ष)
सुप्रिया सुले (56 वर्ष)
रोहित पवार (40 वर्ष)
पार्थ पवार (36 वर्ष)
युगेन्द्र पवार (33 वर्ष)
जय पवार (उम्र सार्वजनिक नहीं)
शरद पवार के बाद माने जाते थे अजित पवार
पवार परिवार में राजनीति से जुड़े कई चेहरे सक्रिय हैं। शरद पवार उम्र और अनुभव के लिहाज से परिवार में सबसे वरिष्ठ नेता हैं। उनके बाद अजित पवार को पार्टी और परिवार की राजनीति में अहम स्तंभ माना जाता था।
अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं और वह सुप्रिया सुले से उम्र में बड़ी हैं। तीसरी पीढ़ी की बात करें तो रोहित पवार सक्रिय राजनीति में हैं और फिलहाल विधायक हैं।
अजित पवार के बेटे पार्थ पवार भी एक बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि 2019 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब सवाल यह है कि एनसीपी की कमान किसे सौंपी जाएगी और पार्टी का नेतृत्व कौन करेगा?
अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के पास फिलहाल 41 विधायक हैं। ऐसे में यह भी चर्चा का विषय है कि पार्टी की ओर से अगला उपमुख्यमंत्री कौन बनेगा।
अजित पवार के भाई श्रीनिवास पवार राजनीति से दूर रहे हैं और सक्रिय भूमिका में नहीं हैं।
पत्नी सुनेत्रा पवार को मिल सकती है जिम्मेदारी
राजनीतिक जानकारों की मानें तो एनसीपी की बागडोर अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के हाथों में सौंपी जा सकती है। वहीं यह भी संभावना जताई जा रही है कि कुछ समय बाद पार्थ पवार सक्रिय राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
अजित पवार के निधन के बाद बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना तय माना जा रहा है। ऐसे में जो भी उम्मीदवार बारामती से चुनाव मैदान में उतरेगा, उसे अजित पवार का राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाएगा।
महायुति सरकार में अजित पवार की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में 11 बार महाराष्ट्र का बजट पेश किया था।
फिलहाल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रफुल्ल पटेल के पास है, लेकिन आने वाले दिनों में पार्टी के भविष्य को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: UP में घर में खेल रही बच्ची पर तेंदुए ने किया हमला, अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हुई मौत

