होम = State = मध्य प्रदेश = डिंडौरी में प्यासा गांव: पानी की किल्लत पर भड़के ग्रामीण, नेशनल हाईवे पर दो घंटे चक्काजाम

डिंडौरी में प्यासा गांव: पानी की किल्लत पर भड़के ग्रामीण, नेशनल हाईवे पर दो घंटे चक्काजाम

MP News: मध्य प्रदेश में डिंडौरी जिले के ग्राम कुड़ा में शनिवार को लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या ने आखिरकार ग्रामीणों का सब्र तोड़ दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से गांव में पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। हैंडपंप सूख चुके हैं और नल-जल योजना के कनेक्शन महीनों से बंद पड़े हैं। हालात यह हैं कि ग्रामीण गंदा और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। कई बार शिकायतें करने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

हाईवे किया जाम

शनिवार सुबह जब हालात बेकाबू हो गए, तो ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जबलपुर-अमरकंटक हाईवे को जाम कर दिया। महिलाएं और बुजुर्ग भी विरोध में शामिल हुए। हाथों में बर्तन और डिब्बे लेकर उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे मार्ग पर बसें, ट्रक और निजी वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार, जनपद सीईओ, पीएचई विभाग के एसडीओ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे। स्थिति को संभालने के लिए यातायात पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। बाद में कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को दिलाया भरोसा

विधायक और अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही नई टंकी और पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही अस्थायी रूप से टैंकरों से पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया। हालांकि, उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल, प्रशासन के लिए यह मुद्दा जनता की प्यास और गुस्से का प्रतीक बन गया है।

ये भी पढ़े – देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान

Tags : MP News

बंगाल