MP News: मध्यप्रदेश में अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र से शुक्रवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे राजनीतिक गलियारे में हलचल मचा दी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता मनमोहन ताम्रकार पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। वारदात कोतमा बस स्टैंड चौराहे पर हुई और पूरा मामला पास के CCTV कैमरे में कैद हो गया है।
कैसे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, BJP नेता मनमोहन ताम्रकार शुक्रवार देर रात किसी काम से बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंचे थे। उसी दौरान दीप शुक्ला नामक युवक और उसका एक साथी वहां पहुंचे और उन्होंने अचानक उन पर हमला कर दिया। दोनों ने मिलकर खुलेआम मारपीट की, जिससे ताम्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर घटना के बाद मौके से चारपहिया वाहन में फरार हो गए, साथ ही वे गाड़ी की चाबी और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
हालत नाजुक
घायल BJP नेता को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कोतमा थाना प्रभारी रत्नाम्भर शुक्ला पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से CCTV फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। वहीं, इस हमले के बाद पूरे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। BJP कार्यकर्ताओं ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
हमला सोची-समझी साजिश
घायल नेता मनमोहन ताम्रकार ने अस्पताल से कहा, “मुझ पर अचानक हमला किया गया, मैं उन्हें पहचानता हूं। यह हमला सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।
अब सबकी निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि क्या वह इस सियासी हमले के पीछे की साजिश को बेनकाब कर पाएगी या नहीं।
ये भी पढ़े – देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान

