Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के विदिशा में 30 अक्टूबर से ‘सांसद खेल महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। यह आयोजन दो महीने तक चलेगा और इसमें देशभर के कई दिग्गज खिलाड़ी और नेता शामिल होंगे। इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और 1983 वर्ल्ड कप विजेता कपिल देव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह खेल महोत्सव 30 अक्टूबर से 25 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें क्रिकेट, कबड्डी, हॉकी, खो-खो, फुटबॉल, रस्साकसी, नींबू दौड़ सहित कई पारंपरिक और आधुनिक खेल प्रतियोगिताएं होंगी।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, मुख्यमंत्री मोहन यादव और पूर्व क्रिकेटर कपिल देव विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाना है। उन्होंने यह भी कहा कि खेलों के माध्यम से समाज में नशामुक्ति और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री चौहान ने विदिशा के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए शहर में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर चिंता भी जताई और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि मंत्री- “सांसद खेल महोत्सव का मकसद है कि गांव-गांव की प्रतिभाएं आगे आएं, बच्चे खेलों में रुचि लें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। हम चाहते हैं कि खेल से समाज में सकारात्मकता और अनुशासन बढ़े।”
पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने कहा कि मुझे बहुत खुशी होती है जब हमारी सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन करती है। प्रधानमंत्री जी का भी यही सपना है कि हमारे देश के खेल और खिलाड़ी आगे बढ़ें और विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन करें। इसलिए, मैं आप सभी से हृदयपूर्वक निवेदन करता हूं कि 30 तारीख को अधिक से अधिक संख्या में विदिशा पहुंचें और इस उत्सव का हिस्सा बनें। ऐसे अवसर बहुत कम मिलते हैं, जहां हम खेल, उत्साह और एकता का जश्न मना सकें।

