Massive fire in Indore : मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। राऊ थाना क्षेत्र के कैट रोड स्थित एक केमिकल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
दो महिला जिंदा जली
घटना की सूचना मिलते ही चार से पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, इस हादसे में दो महिलाओं – रामकली और ज्योति – की जिंदा जलकर मौत हो गई।
SDRF की टीम मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन में जुटी रही और गोदाम के अंदर से दोनों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जलाया गया दीया बना हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक, एकादशी के मौके पर पूजा के लिए जलाए गए दीये से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पूजा के दौरान एक महिला की साड़ी में आग लग गई, और थोड़ी ही देर में लपटें पास रखे थिनर और अन्य ज्वलनशील केमिकल तक पहुंच गईं।
कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। वहां मौजूद दो छोटे बच्चे किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
इलाके में मचा हड़कंप
रात के समय लगी आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटे तक लगातार प्रयास कर आग को काबू में किया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने की सटीक वजहों की जांच की जा रही है।

