Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के सांवरी रेंज अंतर्गत ग्राम सिंगपुर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किसान के घर के मुख्य दरवाजे तक तेंदुआ पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक, किसान धनलाल खोशी को देर रात घर के बाहर दहाड़ने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने गेट खोलने के बजाय सतर्कता दिखाई और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे से बाहर का नजारा देखा। कैमरे में गेट के सामने खड़ा तेंदुआ साफ दिखाई दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सावधान रहने की हिदायत दी।
पूरी घटना किसान के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

