Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के टिकरी चौकी अंतर्गत एक दिनदहाड़े लूट की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी सातेश्वर गुप्ता, जो टिकरी में बर्तन की दुकान चलाते हैं, आज सुबह ढाई लाख रुपये लेकर उधारी चुकाने के लिए निकले थे।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही सातेश्वर गुप्ता टिकरी से लगभग सात किलोमीटर आगे दरिया के पास पहुँचे, दो नकाबपोश बदमाशों ने डंडों के सहारे उनकी बाइक रोक दी और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने बाइक में बैठे व्यापारी से पैसे की मांग की। जब सातेश्वर ने विरोध किया, तो बदमाशों ने चाकू दिखाकर उसे डराया और बाइक की डिग्गी में रखे 2 लाख 52 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। इसके साथ ही उन्होंने व्यापारी की पैंट भी उतार दी और मोबाइल फेंक दिया। बाद में एक और संदिग्ध भी घटनास्थल पर आया। घटना के समय राहगीरों ने मदद नहीं की। लूट के बाद पीड़ित ने फोन के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को चौकी लेकर जाकर सुरक्षा दी।

लूट का मामला दर्ज
इस मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव और डीएसपी हेडक्वार्टर अमन मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है और कुछ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराधियों को जल्दी पकड़ा जा सके।

