होम = State = मध्य प्रदेश = रील्स से सिखी साजिश! साली ने जीजा संग अवैध संबंध के चलते करवाई हत्या, तीन दिन बाद खुला रहस्य

रील्स से सिखी साजिश! साली ने जीजा संग अवैध संबंध के चलते करवाई हत्या, तीन दिन बाद खुला रहस्य

MP News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक ऐसा चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां साली ने अपने ही जीजा की हत्या करवाने के लिए सोशल मीडिया रील्स देखकर प्लान बनाया और 50 हजार रुपए में सुपारी देकर उसका खेल खत्म कर दिया। पुलिस ने तीन दिन की मशक्कत के बाद इस गुत्थी को सुलझाते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रील्स देखकर रची साजिश

मामला नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र का है। सिवनी जिले के छपारा निवासी सूजन साहू (36) अपनी पत्नी को भाइदूज पर ससुराल छोड़ने आया था। इस दौरान उसकी साली सुषमा उर्फ निधि (19) से मुलाकात हुई, जिससे उसके अवैध संबंध थे। शादी के बाद सुषमा जीजा से पीछा छुड़ाना चाहती थी। इसी के लिए उसने करीब 25 दिन पहले ही हत्या की योजना बना ली। सोशल मीडिया पर अपराध से जुड़ी कई रील्स देखकर उसने अपने जीजा को मारने का तरीका तय किया और दो चाकू खरीदे।

50 हजार में दी जीजा की सुपारी

सुषमा ने अपने जानकार युवक साहिल पटेल (19) और एक नाबालिग को इस वारदात में शामिल किया। उसने दोनों को 50 हजार रुपए की सुपारी दी 20 हजार अग्रिम और 30 हजार अपने जेवर बेचकर दिए। 25 अक्टूबर को सुषमा ने सूजन को नरसिंहपुर के जलसा होटल बुलाया। वहां से वह उसे पैदल किसी सुनसान दिशा में ले गई और फिर कार से घोघरा के जंगल पहुंची। कार में साहिल और नाबालिग पहले से मौजूद थे। जैसे ही सूजन ने गाड़ी स्टार्ट की, तीनों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

जंगल में दफनाया था शव

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पत्थरों के नीचे दबा दिया और मोबाइल की सिम हाईवे किनारे व मोबाइल नदी में फेंक दिया। जब सूजन घर नहीं लौटा, तो उसके भाई ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देश पर तीन विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने तीन दिनों तक जंगलों की खाक छानी। डॉग स्क्वायड और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने शव और हत्या में इस्तेमाल दो चाकू बरामद किए।

सच सामने आते ही उड़े होश

पुलिस ने जब सुषमा से पूछताछ की, तो पहले उसने जीजा से किसी भी तरह के संबंध से इंकार किया। लेकिन तकनीकी सबूतों और सीसीटीवी फुटेज ने उसकी चालाकी खोल दी। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने सुषमा, साहिल पटेल और नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि यह केस सोशल मीडिया के खतरनाक असर की मिसाल है जहां एक महिला ने रील्स देखकर अपने ही रिश्ते को खून से रंग दिया। हत्या का पर्दाफाश करने वाली टीम को 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है।

ये भी पढ़े – जयपुर में हाईटेंशन लाइन से बस में लगी आग, 3 की मौत और 12 झुलसे

Tags :