MP Crime News: मध्यप्रदेश के सतना जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया के खतरनाक चेहरे को उजागर कर दिया है। रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र निवासी हामिद खान नाम के युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर सोशल मीडिया पर ‘कश्यप’ नाम से अकाउंट बनाया। इसी फर्जी पहचान के सहारे उसने सतना की एक नाबालिग लड़की को अपनी बातों में फंसा लिया। दोस्ती का जाल बिछाकर उसने पहले उसका भरोसा जीता, फिर उसे प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म किया और इसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।
लड़की को ब्लैकमेल
आरोप है कि हामिद ने वीडियो के जरिए लड़की को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया, जिससे डरी-सहमी नाबालिग घर छोड़कर उसके साथ भागने को तैयार हो गई। बुधवार रात वह घर से निकलकर सतना बस स्टैंड पहुंची, जहां से हामिद उसे रेलवे स्टेशन ले गया। इसी दौरान परिजनों को भनक लगी और वे मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लड़की और आरोपी दोनों को पकड़ लिया, लेकिन हामिद किसी तरह भागने में सफल रहा। परिजनों के हाथ उसका मोबाइल फोन लगा, जिसमें नाबालिग के अश्लील वीडियो और तस्वीरें मिलीं।
बजरंग दल ने की सहायता
इसके बाद परिजन जीआरपी और कोलगवां थाने के चक्कर लगाते रहे, लेकिन देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। आखिरकार बजरंग दल के कार्यकर्ता सक्रिय हुए। संगठन के पदाधिकारी सचिन शुक्ला ने बताया कि आरोपी ने मामले को दबाने की कोशिश में रामपुर बघेलान के एक कार्यकर्ता से संपर्क किया। उसी बहाने उसे सतना बुलाया गया और कोलगवां थाना के सामने ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। बजरंग दल का दावा है कि इस पूरी साजिश में हामिद की मां और बुआ भी शामिल थीं। उन्होंने नाबालिग की पहचान छिपाने के लिए उसका नाम बदलकर ‘रोजी खान’ रख दिया था।
बलात्कार और पॉक्सो एक्ट
सतना सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर झूठी पहचान से नाबालिग को फंसाया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हामिद खान के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और केस डायरी को विस्तृत जांच के लिए रामपुर बघेलान थाना स्थानांतरित किया गया है। यह मामला चेतावनी है कि सोशल मीडिया पर हर पहचान असली नहीं होती कुछ चेहरे नकली नामों के पीछे छिपे खतरनाक इरादे लेकर बैठे हैं।
ये भी पढ़ें: SIR पर मचा सियासी बवाल: 12 राज्यों में कल से मतदाता सूची पुनरीक्षण, विपक्ष ने जताया विरोध

