Monalisa Pregnancy News: प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुई मोनालिसा भोंसले एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह उनकी तस्वीरें नहीं, बल्कि गंभीर कानूनी विवाद है। मोनालिसा और उनके पति मोहम्मद फरमान से जुड़ा मामला अब मध्य प्रदेश और केरल पुलिस के बीच जटिल जांच का रूप ले चुका है।
क्या है पूरा मामला
सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस की एक पांच सदस्यीय टीम, जिसमें एक महिला सब-इंस्पेक्टर भी शामिल थी, मोनालिसा और फरमान को हिरासत में लेने के लिए केरल के कोच्चि पहुंची थी। हालांकि, टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि फरमान ने पुलिस को जानकारी दी कि मोनालिसा गर्भवती हैं, जिसके चलते वह यात्रा करने या तत्काल पूछताछ में शामिल होने की स्थिति में नहीं हैं। इस दावे के बाद पुलिस ने मानवीय आधार पर कार्रवाई रोक दी और फिलहाल वापस लौट गई।
एक्ट के तहत गंभीर धाराएं
मामले की जड़ मोनालिसा की उम्र को लेकर उठे विवाद में है। उनके पिता ने मध्य प्रदेश के महेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया है कि मोनालिसा अभी नाबालिग हैं। वहीं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की जांच में भी उन्हें कथित तौर पर 16 वर्षीय पाया गया है। इसी आधार पर फरमान के खिलाफ POCSO एक्ट, अपहरण और SC/ST एक्ट के तहत गंभीर धाराएं दर्ज की गई हैं।
18 वर्ष की हो चुकी हैं मोनालिसा
दूसरी ओर, मोनालिसा का दावा है कि वह 18 वर्ष की हो चुकी हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से फरमान से 11 मार्च को तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में शादी की है। इसी बीच केरल हाई कोर्ट ने फरमान को बड़ी राहत देते हुए गिरफ्तारी वारंट पर 20 मई तक रोक लगा दी है, जिससे जांच की दिशा और पेचीदा हो गई है।वहीं, मोनालिसा ने केरल मुख्यमंत्री और कोच्चि पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है। उनका आरोप है कि उन्हें जबरन मध्य प्रदेश ले जाने की कोशिश की जा सकती है।
जांच के घेरे में एक नया किरदार
इस पूरे मामले में एक और किरदार जोशुआ भी जांच के घेरे में है, जिस पर दंपति की मदद करने और उन्हें छिपाने में सहयोग करने का आरोप है। फिलहाल पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है, लेकिन वह अभी तक फरार बताया जा रहा है। पूरा मामला अब उम्र, गर्भावस्था के दावे और अंतरराज्यीय कानूनी जटिलताओं के बीच उलझता जा रहा है, जिससे जांच और भी संवेदनशील बन गई है।
ये भी पढ़ें: प्रेमानंद महाराज के दरबार में पहुंचे विराट-अनुष्का, सामने आई तस्वीर

