Phool Singh Baraiya Controversial Statement: मध्यप्रदेश की राजनीति उस वक्त गरमा गई, जब कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का एक कथित बयान सार्वजनिक हुआ। बयान सामने आते ही सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक बवाल मच गया। एक लाइन ने न सिर्फ कांग्रेस को कटघरे में खड़ा कर दिया, बल्कि महिला सम्मान और सामाजिक सोच पर भी गंभीर बहस छेड़ दी।
विवाद की जड़ बना विधायक का वह कथन, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर कोई खूबसूरत लड़की दिख जाए तो दिमाग विचलित हो सकता है और रेप जैसी घटनाएं हो सकती हैं। इस बयान ने लोगों को झकझोर दिया। बयान सामने आते ही तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं और मामला तेजी से राजनीतिक रंग लेने लगा।
भाजपा का तीखा हमला
भाजपा ने इस बयान को लेकर कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है। भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि यह जुबान की फिसलन नहीं, बल्कि एक विकृत और खतरनाक मानसिकता का प्रदर्शन है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को खूबसूरती के पैमाने पर तौलना और अपराधों को सामान्य रूप से पेश करना, समाज के लिए बेहद घातक सोच है। भाजपा ने इसे न सिर्फ महिला विरोधी, बल्कि दलित समाज के प्रति अपमानजनक मानसिकता करार दिया।
राहुल गांधी के दौरे से पहले बढ़ा दबाव
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब राहुल गांधी का मध्यप्रदेश दौरा प्रस्तावित है। भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व से सीधे सवाल पूछे हैं कि क्या यही कांग्रेस की असली सोच है? क्या यही “संविधान बचाओ” की राजनीति है? भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से भी इस मुद्दे पर सार्वजनिक जवाब देने की मांग की है।
कांग्रेस के सामने दो रास्ते: माफी या कार्रवाई
भाजपा ने साफ कर दिया है कि अब चुप्पी स्वीकार नहीं की जाएगी। पार्टी ने मांग की है कि या तो विधायक से सार्वजनिक माफी दिलाई जाए और उन पर सख्त कार्रवाई हो, या फिर कांग्रेस यह स्वीकार करे कि वह महिला विरोधी और दलित विरोधी सोच के साथ खड़ी है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ राजनीतिक विवाद नहीं, बल्कि समाज की सोच और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है।
“नारी देवी है, प्रयोग की वस्तु नहीं”
इस पूरे विवाद के बीच भाजपा का संदेश साफ है, महिलाओं का सम्मान किसी भी कीमत पर कम नहीं किया जा सकता। सवाल अब यह है कि कांग्रेस इस बढ़ते दबाव के बीच क्या कदम उठाती है माफी, कार्रवाई या फिर खामोशी? आने वाले दिनों में यही तय करेगा कि यह विवाद कितना और गहराता है।
ये भी पढ़ें: खाली मकान में छिपकर हो रही थी सामूहिक नमाज? वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में, 12 गिरफ्तार

