होम = State = मध्य प्रदेश = इंदौर में किन्नर समुदाय में खौफ और साजिश का तूफान: ब्लैकमेल-रेप से टूटी हिम्मत

इंदौर में किन्नर समुदाय में खौफ और साजिश का तूफान: ब्लैकमेल-रेप से टूटी हिम्मत

MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां किन्नर समुदाय के 24 सदस्यों ने सामूहिक रूप से फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया। सभी को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है। यह हादसा कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि किन्नर समाज के अंदर चल रहे गहरे विवाद और अत्याचार की कहानी है।

क्या है पूरा मामला

नंदलालपुरा और एमआर-10 इलाके में दो गुट पायल गुरु और सपना हाजी के बीच लंबे समय से वर्चस्व की जंग चल रही थी। इस रंजिश में कथित पत्रकार पंकज और उसका साथी अक्षय भी शामिल हो गए। जानकारी के मुताबिक, पंकज और अक्षय ने खुद को पत्रकार बताकर पायल गुरु गुट के किन्नरों को धमकाया कि अगर उन्होंने पैसे नहीं दिए तो उनका नाम बदनाम कर देंगे। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो पंकज ने एक किन्नर को जबरन कमरे में ले जाकर उसके साथ रेप किया। इतना ही नहीं, उसने पुलिस में झूठा केस दर्ज कराने की भी धमकी दी।

किन्नर समुदाय का सड़को पर हंगामा

इस अपमान और भय के बीच, किन्नरों का यह गुट मानसिक रूप से टूट गया। गुरुवार दोपहर, सभी 24 किन्नरों ने कमरे का दरवाजा बंद कर एक साथ फिनाइल पी लिया। साथी किन्नरों के लौटने पर जब दरवाजा नहीं खुला तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और सभी को अस्पताल पहुंचाया। घटना की खबर फैलते ही किन्नर समुदाय सड़क पर उतर आया। जवाहर मार्ग पर किन्नरों ने जाम लगाकर सपना हाजी और कथित पत्रकारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पुलिस ने दी जानकारी

फिलहाल पुलिस ने सपना हाजी, राजा हाशमी, पंकज जय और अक्षय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पंढरीनाथ और संयोगितागंज थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस सामूहिक आत्महत्या प्रयास ने न केवल शहर, बल्कि पूरे प्रदेश को हिला दिया है। सवाल यह है कि समाज का यह हाशिए पर खड़ा वर्ग आखिर कब तक चुपचाप अत्याचार सहता रहेगा?

ये भी पढ़े:  शहबाज शरीफ के सामने ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, “मेरे बहुत अच्छे मित्र…..”